|
चीताखेड़ा। मध्यप्रदेश में खेती-किसानी से जुड़े समस्त किसानों के लिए किसान फार्मर आईडी बनवाना अनिवार्य किया गया है। ग्राम पंचायत चीताखेड़ा, पटवारी हल्का नंबर 8 के जिन किसानों ने अभी तक फार्मर आईडी नहीं बनवाई है, वे शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं के लाभ से वंचित हो सकते हैं। मोजा पटवारी संदेश चैलावत ने बताया कि किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री एवं भूमि लिंकिंग करवाना आवश्यक है। यदि किसान फार्मर रजिस्ट्री और भूमि लिंकिंग नहीं करवाते हैं, तो उन्हें वर्तमान में शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो सकती है तथा मिलने वाली सुविधाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। इसी को लेकर 25 अगस्त 2026, मंगलवार को ग्राम पंचायत कार्यालय चीताखेड़ा में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का समय प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा। शिविर में प्रत्येक खातेदार किसान अपने साथ आधार कार्ड, समग्र आईडी, खेत की पावती अथवा खाता-खसरा की नकल तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर लेकर पहुंचे। किसान अपने मोजा पटवारी के माध्यम से ऑनलाइन पंजीयन करवाकर फार्मर आईडी एवं भूमि लिंकिंग की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। किसानों से अपील है कि शासन की योजनाओं का लाभ निरंतर प्राप्त करने के लिए निर्धारित तिथि एवं समय पर शिविर में पहुंचकर फार्मर आईडी की प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूरी करवाएं। |