![]() ![]() ![]() ![]()
|
पीएमएफएमई योजना से स्थापित लघु उद्योग से राधाबाई को मिला आत्मनिर्भरता का संबल नीमच : मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव ने शुक्रवार को जावद विकासखंड की सिंगोली तहसील अंतर्गत ग्राम उमर में स्थापित श्याम ऑयल मिल का निरीक्षण किया। उन्होंने मिल में संचालित मूंगफली तेल उत्पादन इकाई की गतिविधियों का अवलोकन कर लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों के माध्यम से संचालित आर्थिक गतिविधियों की जानकारी ली। सीईओ श्री वैष्णव ने इकाई में मूंगफली से तेल निकालने, रिफाइनिंग एवं पैकेजिंग सहित उत्पादन प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा संचालक से उद्योग की कार्यप्रणाली और उत्पादन व्यवस्था की जानकारी ली। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना से लाभान्वित हितग्राही श्रीमती राधाबाई पति श्री श्यामलाल राठौर ने बताया कि योजना के तहत उन्हें 6.93 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ तथा 3.46 लाख रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ। इस वित्तीय सहायता से उन्होंने मूंगफली तेल उत्पादन की लघु इकाई स्थापित की। श्रीमती राधाबाई ने बताया कि तेल उत्पादन के साथ मूंगफली की खल से पशु आहार भी तैयार किया जाता है। इससे उन्हें लगभग 30 से 35 हजार रुपये प्रतिमाह की शुद्ध आय हो रही है तथा इकाई के माध्यम से दो व्यक्तियों को रोजगार भी मिला है। निरीक्षण के दौरान एडीएम श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री संजीव साहू , उपसंचालक उद्यानिकी श्री पी.एस.कनेश सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। |