|
आगर-मालवा । पवित्र श्रावण मास के अंतिम सोमवार पर आगर नगर शिवभक्ति से सराबोर हो गया। राजाधिराज बाबा बैजनाथ महादेव चांदी की अति सुंदर पालकी में सवार होकर राजसी ठाट-बाट, ढोल-धमाकों और बैंड-बाजों के साथ नगर भ्रमण पर निकले और प्रजा का हाल जाना। धर्म, आस्था और विश्वास का उमड़ा जनसैलाब - शाही सवारी में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। शाही सवारी मार्ग पर जगह-जगह पुष्पवर्षा कर बाबा का भव्य स्वागत किया गया। शाही सवारी के दौरान पालकी में विराजित बाबा बैजनाथ महादेव का वैभव देखते ही बन रहा था और श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा था। पूरा शहर "बम-बम भोले, हर-हर महादेव, जय हो बाबा बैजनाथ" के उद्घोष से गूंज उठा। जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन ने किया पूजन-अर्चन प्रातः ब्रह्म मुहूर्त में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने सपत्नीक एवं पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी ने बाबा बैजनाथ महादेव का जलाभिषेक एवं पंचामृत अभिषेक कर जिले की सुख-समृद्धि की कामना की। शाही सवारी प्रारंभ होने के पहले, क्षेत्रीय सांसद श्री महेन्द्र सिंह सोलंकी, आगर के विधायक श्री माधव सिंह मधु गहलोत, सुसनेर विधायक श्री भैरू सिंह परिहार बापू, कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री भेरू सिंह चौहान, जिला अध्यक्ष श्री ओम मालवीय, श्रीमती विजयलक्ष्मी तंवर, पूर्व विधायक श्री गोपाल परमार, पूर्व विधायक श्री विपिन वानखेड़े, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री जितेन्द्र सिंह, श्री मयंक राजपूत सहित जनप्रतिनिधियों एवं मंदिर प्रबंध समिति सदस्यों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर महाआरती की। तत्पश्चात जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर एवं एसपी ने बारी-बारी से पालकी को कंधा देकर पालकी एवं भव्य शाही सवारी को रवाना किया। गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुई अगवानी - मंदिर परिसर में मध्यप्रदेश पुलिस की सशस्त्र टुकड़ी द्वारा बाबा को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कोटा रोड स्थित जिला जेल के सामने जेल विभाग की टुकड़ी द्वारा भी सलामी दी गई। इस अवसर पर एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रविन्द्र कुमार बोयत, एसडीएम श्री मिलिंद ढोके, एसडीओपी श्री मोतीलाल कुशवाह, डिप्टी कलेक्टर श्री कमल मंडलोई, तहसीलदार श्री विजय सेनानी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। यह भव्य शाही सवारी आकर्षक झांकी ढोल नगाड़ों बैंड बाजे और आकर्षक करतब करते अखाड़ा मंडलियों के साथ नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करते हुए पुराना कृषि उपज मंडी प्रांगण पहुंची जहां भक्त मंडल की ओर से विशाल भंडारा एवं महाप्रसादी का आयोजन किया गया ।शाही सवारी में शामिल हजारों श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे। धर्म आस्था और आध्यात्म का यह अनूठा महासंगम सभी के सहयोग से अपने आप में एक अभूतपूर्व सफल आयोजन रहा है। जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं को सभी ने सराहा इस भव्य शाही सवारी में बड़ी संख्या में शामिल श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं प्रबंधों, यातायात प्रबंधन सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक प्रबंधो की श्रद्धालुओं ने सराहना की है। |