रतलाम। जावरा के पैराडाइज वैली में पिकनिक के दौरान शिक्षक और छात्र की दर्दनाक मौत की घटना ने जिले के स्कूलों में संचालित होने वाली पिकनिक और शैक्षणिक यात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद अभिभावक संघ रतलाम ने कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी स्कूलों की पिकनिक और टूर गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
अभिभावक संघ के जिला अध्यक्ष सुमीत तलेशरा ने ज्ञापन में कहा कि 23 अगस्त को पैराडाइज वैली में हुए हादसे में दो शिक्षकों के साथ एक नाबालिग छात्र की डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि जावरा के त्रिमूर्ति हाई सेकेंडरी स्कूल का म्यूजिक ग्रुप प्राचार्य सहित 15 से अधिक विद्यार्थियों के साथ पिकनिक पर पहुंचा था। इस हादसे ने बच्चों की सुरक्षा और स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।
स्कूलों को पढ़ाई की अनुमति, पिकनिक के नाम पर मनमानी की नहीं
अभिभावक संघ ने प्रशासन के समक्ष सवाल उठाते हुए कहा कि स्कूलों को विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करने की अनुमति प्राप्त है, लेकिन बच्चों को पिकनिक अथवा टूर पर ले जाने जैसी गतिविधियों के लिए पर्याप्त सुरक्षा एवं प्रशासनिक अनुमति की व्यवस्था सुनिश्चित होना जरूरी है। संघ ने हादसे के मामले में स्कूल के मुख्य मालिक एवं संचालककर्ता के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
अक्टूबर में होने वाले टूर पर भी उठे सवाल
ज्ञापन में दावा किया गया है कि जिले के कुछ स्कूलों द्वारा बच्चों को रतलाम जिले से बाहर, यहां तक कि केरल और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में टूर पर ले जाने की एडवांस बुकिंग की जा चुकी है। अभिभावकों से हजारों रुपये की राशि भी ली जा रही है और अक्टूबर में बच्चों को यात्रा पर ले जाने की तैयारी है। संघ ने इन यात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था, अनुमति और जिम्मेदारी की जांच की मांग की है।
सबसे गंभीर सवाल उस कथित सहमति पत्र को लेकर उठाया गया है, जिसमें अभिभावकों से यह लिखवाए जाने की बात कही गई है कि वे अपनी सहमति से बच्चों को भेज रहे हैं और किसी अप्रिय घटना की स्थिति में स्कूल प्रबंधन की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी। अभिभावक संघ ने इस व्यवस्था पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी महज सहमति पत्र लेकर खत्म नहीं की जा सकती।
प्रशासन से सख्त नियम बनाने की मांग
अभिभावक संघ ने मांग की है कि रतलाम जिले के सभी स्कूलों की पिकनिक एवं टूर गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाकर पहले सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाए। भविष्य में किसी भी स्कूल द्वारा पिकनिक या टूर आयोजित करने से पहले जिला प्रशासन एवं संबंधित अनुविभागीय दंडाधिकारी से अनिवार्य अनुमति लेने की व्यवस्था लागू की जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि अनुमति के बावजूद यदि सुरक्षा में लापरवाही के कारण कोई घटना होती है तो संबंधित स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई की जाए।
अभिभावक संघ का कहना है कि बच्चे स्कूल की जिम्मेदारी में जाते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा किसी भी स्थिति में समझौते का विषय नहीं हो सकती। पैराडाइज वैली हादसे के बाद उठे सवालों ने अब प्रशासन के सामने जिलेभर के स्कूलों की पिकनिक और टूर व्यवस्था की व्यापक जांच की चुनौती खड़ी कर दी है।
ज्ञापन पर जिला अध्यक्ष सुमीत तलेशरा सहित अन्य पदाधिकारियों एवं उमेश जोशी के हस्ताक्षर बताए गए हैं। ज्ञापन 24 अगस्त 2026 को कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत किया गया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत