रतलाम। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर कार्यालय सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ब्लैक स्पॉट, अवैध कट, स्पीड ब्रेकर, हाईवे कनेक्टिंग रोड और 108 एंबुलेंस की कार्यप्रणाली सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों की गहन समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्य हाईवे से अनावश्यक बंपर हटाए जाएं, जबकि हाईवे से जुड़ने वाली कनेक्टिंग और साइड सड़कों पर आवश्यकता के अनुसार बंपर लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग पर अनावश्यक स्पीड ब्रेकर यातायात को बाधित करने के साथ दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकते हैं। इसके लिए संबंधित स्थानों का सर्वे कर आवश्यक बंपर चिन्हित किए जाएं।
कलेक्टर ने एमपीआरडीसी की सड़कों पर एक ही स्थान पर बड़ी संख्या में बनाए गए स्पीड ब्रेकरों को कम करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि एक साथ छह ब्रेकर होना भी वाहन चालकों के लिए परेशानी और दुर्घटना का कारण बन सकता है। वहीं चिन्हित ब्लैक स्पॉट से जुड़ी सड़कों पर भी सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक उपाय करने को कहा।
बैठक में सामने आया कि जिले में चिन्हित 30 अवैध कट में से 24 बंद किए जा चुके हैं, जबकि 6 कट अभी भी खुले हैं। कलेक्टर ने शेष सभी अवैध कट तत्काल बंद करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्रवाई से पहले यह जांचने को कहा कि कहीं किसी स्थान पर नियमानुसार कट की आवश्यकता तो नहीं है। आवश्यकता होने पर उसे वैध बनाने की प्रक्रिया अपनाई जाए।
बैठक में 108 एंबुलेंस सेवा को लेकर भी कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस संचालन में लापरवाही या गलत कार्य सामने आने पर पुलिस नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करे। गंभीर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ FIR दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े आदेशों की केवल कागजी कार्रवाई न हो, बल्कि मौके पर उनका प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र कुमार रावत, एडिशनल एसपी, सड़क सुरक्षा समिति के सचिव श्री महेंद्र चौहान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत