मंदसौर। शिवना नदी को स्वच्छ, निर्मल और प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे शिवना शुद्धिकरण अभियान के 139वें दिन रविवार को भगवान पशुपतिनाथ मंदिर के समीप छोटी पुलिया, घाट एवं नदी किनारे व्यापक श्रमदान किया गया। अभियान के दौरान विशेष उत्साह देखने को मिला, जब साठिया समाज के बच्चे, महिलाएं और पुरुष बड़ी संख्या में श्रमदान के लिए पहुंचे और लोकप्रिय विधायक विपिन जैन के साथ मिलकर शिवना नदी की सफाई में अपना योगदान दिया।
रविवार सुबह हुए श्रमदान के दौरान छोटी पुलिया के आसपास नदी में जमा प्लास्टिक की थैलियां, फूल-मालाएं एवं अन्य कचरा हटाया गया। नदी किनारे उगी गाजर घास को भी उखाड़कर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके साथ ही घाटों की सफाई कर करीब एक ट्रॉली कचरा नदी से बाहर निकाला गया। श्रमदान के दौरान समाज के लोगों में नदी को स्वच्छ रखने को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
इस दौरान विधायक विपिन जैन ने कहा कि शिवना केवल एक नदी नहीं, बल्कि मंदसौर की जीवनधारा और आस्था का प्रमुख केंद्र है। इसे स्वच्छ एवं निर्मल बनाने की जिम्मेदारी किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की है। साठिया समाज के बच्चों, महिलाओं और पुरुषों की सहभागिता ने यह संदेश दिया है कि शिवना की स्वच्छता के लिए हर वर्ग को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि शिवना शुद्धिकरण का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। विधायक ने शहरवासियों से अपील की कि प्रत्येक रविवार सुबह 7 से 9 बजे तक शिवना तट पर पहुंचकर श्रमदान करें और नदी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।
अभियान में समाजसेवी रमेश सोनी, हेमराज खाबिया, राकेश जैन पिंटू, शांतिलाल मेमावत, भंवरलाल प्रजापत, पंकज जैन, बालकृष्ण दवे, प्रतीक जैन, दिनेश चौधरी, मुकेश चौधरी, ब्रिजलाल बामनिया, दलौदा सगरा गांव से गणेशराम मालवीय, ईश्वरलाल मालवीय, रामप्रसाद मालवीय तथा अमलावद गांव से कैलाश कुमावत ने श्रमदान किया।
महिला नेत्रियों इष्टा भाचावत, राखी सत्रावाला, अनीता कोरी, अनीता भदोरिया, पिंकी गौड़, रीना बसेर, भागवती बाई बामनिया सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी अभियान में सहभागिता की।
कांग्रेसजनों में राजनारायण लाड़, संजय नाहर, विकास दशोरा, कचरमल जटिया, रमेश ब्रिजवानी, सुभाष जैन, रईस भाई पटवारी, शैलेंद्र गोस्वामी, साबिर इलेक्ट्रिशियन, विश्वास दुबे, रमेश कोठारी, अकरम खान, आमीन खान, अजय सोनी, जयेश पालीवाल, कपिल पंड्या, योगेश जोशी, दिनेश जेठानियां, राकेश सेन, अजय दुबे, रमेश कुमावत, अंसार मेव, नितनेश बसेर, राजेश चौधरी, दीपक लाड़, कनिष्क सोनी सहित अन्य लोगों ने भी उत्साहपूर्वक श्रमदान किया।
रिपोर्ट: कमलेश शर्मा