|
|
प्रधानमंत्री मोदी की मितव्ययता अपील का दिखा असर, मुख्यमंत्री ने दिल्ली मेट्रो में आमजन के बीच किया सफर भोपाल/नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने एक बार फिर अपनी सादगी और जनसरोकारों से लोगों का दिल जीत लिया। प्रधानमंत्री Narendra Modi की मितव्ययता और ईंधन बचत की अपील को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नई दिल्ली में कारकेड की बजाय मेट्रो ट्रेन से सफर कर एक प्रेरणादायी संदेश दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिवाजी स्टेडियम से दिल्ली एरोसिटी तक मेट्रो में यात्रा की। इस दौरान वे आम यात्रियों के बीच सहज रूप से नजर आए और लोगों से आत्मीय संवाद भी किया। सहयात्रियों ने मध्यप्रदेश की विकास योजनाओं और प्रदेश की सुंदरता की सराहना की, जिस पर मुख्यमंत्री ने सभी का आभार व्यक्त किया। मेट्रो यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वच्छ पर्यावरण, ईंधन बचत और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मेट्रो जैसे आधुनिक साधन न केवल समय बचाते हैं, बल्कि प्रदूषण कम करने और ऊर्जा संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाते हैं। यह पहल विकसित भारत और ग्रीन मोबिलिटी की दिशा में जनभागीदारी को मजबूत करने वाला सकारात्मक कदम है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया से चर्चा में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर मध्यप्रदेश सरकार गंभीरता से अमल कर रही है। सरकार ने इस संबंध में विशेष गाइडलाइन भी तैयार की है। वर्चुअल कैबिनेट बैठकों को बढ़ावा देने के साथ मंत्रियों और निगम-मंडल पदाधिकारियों को भी ईंधन बचत और सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले ही अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम कर चुके हैं। उन्होंने मंत्रियों से भी पेट्रोल-डीजल की खपत घटाने और अनावश्यक वाहन रैलियों से बचने की अपील की है। मुख्यमंत्री का मानना है कि देशहित में ऊर्जा संरक्षण और आत्मनिर्भरता की दिशा में सभी को अपनी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाना चाहिए। |