|
|
नीमच : राजेश व्यास के निर्देशन में यातायात पुलिस ने गुरुवार को शहर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाते हुए यात्री बसों में अवैध रूप से लगेज परिवहन, ब्लैक फिल्म लगे वाहनों और नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार सोनू बडगुर्जर के नेतृत्व में यातायात टीम द्वारा बस स्टैंड क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मीनाक्षी ट्रेवल्स की बस क्रमांक MP14 PA 8786 को रोका गया। जांच में बस की छत पर भारी मात्रा में लगेज भरा हुआ पाया गया, जिस पर यातायात पुलिस ने बस को जप्त कर चालानी कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला। इसके अलावा शहर में ब्लैक फिल्म लगे चार पहिया वाहनों पर भी कार्रवाई करते हुए वाहनों से ब्लैक फिल्म हटवाई गई और चालान बनाए गए। वहीं नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाते पाए जाने पर उनके परिजनों को थाने बुलाकर समझाइश दी गई तथा भविष्य में वाहन नहीं चलाने देने की हिदायत दी गई। अभियान के दौरान कुल 50 चालान बनाकर समंस शुल्क के रूप में ₹24,600 की राशि वसूल की गई। यातायात पुलिस ने आमजन और बस संचालकों से अपील करते हुए कहा है कि यात्री बसों में लगेज परिवहन न करें, सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखें तथा यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने कहा कि सुरक्षित यातायात के लिए जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। |