|
|
नीमच । मुख्यमंत्री Mohan Yadav के निर्देशानुसार प्रदेश में वर्ष 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में जिले में 16 मई 2026 से कृषि रथ का संचालन प्रारंभ किया जाएगा। यह कृषि रथ प्रतिदिन 3 से 4 ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेगा और खरीफ फसलों की बुवाई से लगभग एक माह पूर्व किसानों को कृषि क्षेत्र की नवीन वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी देगा। रथ के माध्यम से किसानों को कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी एवं मत्स्य पालन से जुड़ी आधुनिक पद्धतियों और योजनाओं से अवगत कराया जाएगा। कृषि रथ संचालन के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं नीमच, जावद एवं मनासा विकासखंडों में संबंधित एसडीएम को नोडल अधिकारी बनाया गया है। प्रत्येक विकासखंड में कृषि वैज्ञानिकों सहित कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी एवं मत्स्य विभाग के अधिकारियों का विशेष दल गठित किया गया है, जो किसानों को उन्नत खेती, उत्पादन वृद्धि और आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में मार्गदर्शन देगा। |