|
|
मंदसौर। मध्यप्रदेश शासन के नशा मुक्ति अभियान के तहत मंदसौर जिले की नाहरगढ़ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स जब्त की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने इंदौर के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत की एमडी और 10 लाख रुपये कीमत की सफेद हुंडई कार (MP 09 BH 0822) जब्त की है। कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक विनोद मीणा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई अति. पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल एवं एसडीओपी कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नाहरगढ़ निरीक्षक वरुण तिवारी और उनकी टीम द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार दिनांक 14 मई 2026 को थाना नाहरगढ़ में पदस्थ कार्यवाहक सउनि रशीद पठान को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मंदसौर की ओर से एक सफेद रंग की हुंडई कार में तस्कर अवैध एमडी लेकर डीगांव, कचनारा होते हुए सुवासरा फोरलेन मार्ग से इंदौर की ओर जाने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल डीगांव-कचनारा रोड स्थित हनुमान मंदिर के सामने नाकाबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध कार वहां पहुंची, जिसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 1 किलो ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए थाना नाहरगढ़ में अपराध क्रमांक 178/26, धारा 8/15, 22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपियों में शोभित कांटे पिता प्रमोद निवासी गंगवाल बस स्टैंड के पास छत्रीपुरा, इंदौर, विश्वास राठौर पिता अशोक निवासी गंगवाल बस स्टैंड के पास छत्रीपुरा, इंदौर तथा दिपेन्द्र चौहान पिता शैलेन्द्र निवासी नेहरू नगर, राऊ, इंदौर शामिल हैं। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी वरुण तिवारी, रशीद पठान, आरक्षक महेन्द्रसिंह, विक्रम सिंह, राजीव सिंह, विजयपाल सिंह, लाखन सिंह, ईश्वर गेहलोद एवं चालक लियाकत मेव का विशेष योगदान रहा। रिपोर्ट : कमलेश शर्मा |