रतलाम / सैलाना
भीषण गर्मी के बीच सैलाना क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में पेयजल संकट विकराल रूप लेता जा रहा है। हालात ऐसे बन गए हैं कि ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए रोजाना लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। कई गांवों में हैंडपंप बंद पड़े हैं और कुएं भी सूखने की कगार पर हैं, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। जल संकट को लेकर अब ग्रामीणों का आक्रोश भी सामने आने लगा है।
इसी गंभीर समस्या को लेकर वाग्धारा संस्था के सहयोग से गठित कृषि एवं आदिवासी स्वराज संगठन, कांगसी (सैलाना) के प्रतिनिधियों ने जनपद पंचायत सैलाना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) रिया गेरा को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की।
संगठन द्वारा किए गए सर्वे में सामने आया कि क्षेत्र के कई गांवों में बड़ी संख्या में हैंडपंप खराब पड़े हैं, जिनकी मरम्मत लंबे समय से नहीं हुई है। इसके कारण ग्रामीण, खासकर महिलाएं और बच्चे, भीषण गर्मी में कई किलोमीटर दूर से पानी ढोने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि सुबह से लेकर देर शाम तक पानी के इंतजार में कतारें लग रही हैं। कई स्थानों पर पेयजल स्रोत पूरी तरह सूख चुके हैं, जिससे स्थिति दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है। संगठन ने मांग की है कि खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत कराई जाए और जिन ग्राम पंचायतों में पानी की स्थिति अत्यधिक खराब है, वहां नियमित रूप से टैंकरों के जरिए पानी पहुंचाया जाए।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर तुरंत कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने सीईओ कोरिया गेरा से आग्रह किया कि समस्या की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित गांवों में विशेष टीम भेजकर स्थिति का आकलन कराया जाए और स्थायी जल प्रबंधन की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन प्रतिनिधि देशवीर, मांगीलाल भाभर, पूंजालाल, मुकेश भाभर, पेमा जी, जालु सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द राहत पहुंचाएगा।
सीईओ रिया गेरा नें कहा सैलाना क्षेत्र की कुछ ग्राम पंचायतों में पेयजल समस्या की जानकारी ज्ञापन के माध्यम से प्राप्त हुई है। संबंधित विभाग को तत्काल खराब हैंडपंपों की जांच और मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। जहां पेयजल संकट अधिक गंभीर है, वहां आवश्यकतानुसार टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासन ग्रामीणों की समस्या को प्राथमिकता से लेकर कार्य कर रहा है और जल्द ही राहत सुनिश्चित की जाएगी।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत