रतलाम / सैलाना
युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से रतलाम की 21 मध्यप्रदेश बटालियन एनसीसी द्वारा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, सैलाना में 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 11 मई से 20 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें रतलाम सहित आसपास के कई जिलों से आए लगभग 550 एनसीसी कैडेट्स भाग ले रहे हैं।
शिविर के उद्घाटन अवसर पर कैम्प कमांडेंट कर्नल राघवेन्द्र सिंह और डिप्टी कैम्प कमांडेंट कर्नल संदीप अहलावत ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल एक प्रशिक्षण संस्था नहीं, बल्कि युवाओं को जिम्मेदार, अनुशासित और देशभक्त नागरिक बनाने का सशक्त माध्यम है। एनसीसी स्थापना से लेकर अब तक देशसेवा के विभिन्न क्षेत्रों में इसके योगदान को भी विस्तार से बताया गया।
दस दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को कवायद, हथियार प्रशिक्षण, फायरिंग, फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट और मैप रीडिंग जैसी सैन्य गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही शिविर में सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं और अन्य रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित होंगी, जिससे कैडेट्स के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास हो सके।
कर्नल राघवेन्द्र सिंह ने एनसीसी अधिकारियों और आर्मी स्टाफ को निर्देश दिए कि वे प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स में चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी के गुण विकसित करने पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि यही युवा भविष्य में समाज और देशहित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
डिप्टी कैम्प कमांडेंट कर्नल संदीप अहलावत ने कैडेट्स को विभिन्न शासकीय और अशासकीय सेवाओं में एनसीसी प्रमाणपत्र धारकों को मिलने वाले रोजगार अवसरों की जानकारी भी दी। उन्होंने युवाओं को एनसीसी के माध्यम से सेना, पुलिस और अन्य सेवाओं में उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में रतलाम, सैलाना, झाबुआ, मंदसौर, नागदा, बड़नगर, अलीराजपुर, कुक्षी, जावरा और थांदला सहित विभिन्न क्षेत्रों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए हैं। इस अवसर पर मेजर गोपाल भूरिया, लेफ्टिनेंट हर्षवर्धन मेहसन, सीओ विजयसिंह पुरावत, एफओ जाकिर खान, एफओ रेमसिंह डामोर, एसओ रीता माहेश्वरी सहित बड़ी संख्या में एनसीसी स्टाफ और अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर जितेंद्र कुमावत