|
उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं का समय पर समुचित प्रबंधन सुनिश्चित करें - कलेक्टर डॉ. मीणा आगर मालवा, । कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना की अध्यक्षता मे सोमवार की शाम को कलेक्टर कार्यालय सभागृह में जिला पोषण समिति एवं जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर डॉ. मीणा ने निर्देश दिए कि *उच्च जोखिम गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान कर उनका समुचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिला की प्रसव के दौरान कोई परेशानी न हो, इसके लिए आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग का अमला समन्वय बनाकर कार्य करे। कलेक्टर ने कहा कि गर्भवती महिलाओं की नियमित एएनसी जांच, एचबी जांच, टीकाकरण, आयरन-फोलिक एसिड वितरण एवं पोषण आहार की उपलब्धता समय पर सुनिश्चित की जाए। कुपोषित बच्चों एवं गंभीर कुपोषित बच्चों को चिन्हांकित कर पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती कर उनका उपचार किया जाए। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्रों पर बच्चों के वजन, ऊंचाई की नियमित मॉनिटरिंग, पूरक पोषण आहार वितरण में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि पोषण माह एवं अन्य अभियानों के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाई जाए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं - जननी सुरक्षा योजना, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, टीकाकरण कार्यक्रम, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कार्यों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, जिला चिकित्सालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में सुविधाओं को सुदृढ़ करने एवं चिकित्सकों व स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास, सिविल सर्जन, समस्त बीएमओ, सीडीपीओ एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। |