लघु कथा
एक जिले में एक जिला अधिकारी पदस्थ हुए। लंबी प्रशासनिक सेवा, बेदाग छवि, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण उनकी पहचान थी। स्थानांतरण के बाद जब वे एक छोटे से जिले में आए, तो उनके साथ न कोई दिखावा था, न कोई विशेष अपेक्षा। वे केवल अपने दायित्वों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने के संकल्प के साथ आए थे।
कार्यभार संभालते ही उन्होंने अपनी कार्यशैली के अनुरूप काम शुरू कर दिया। सुबह समय पर कार्यालय पहुँचना, फाइलों का पारदर्शी निराकरण करना, जरूरतमंदों की समस्याओं को प्राथमिकता देना और नियमों का समान रूप से पालन करवाना उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया। उनके लिए न कोई बड़ा था, न छोटा। न किसी की सिफारिश का प्रभाव था और न किसी का दबाव उनके निर्णयों को प्रभावित कर सकता था।
लेकिन हर व्यवस्था में कुछ ऐसे लोग भी होते हैं, जिन्हें व्यवस्था में सुधार से अधिक अपनी सुविधा और स्वार्थ की चिंता होती है। उन्हें न विकास से सरोकार होता है, न जनहित से। उनकी अपेक्षा बस इतनी होती है कि नियम उनके लिए लचीले रहें और उनके निजी काम बिना किसी अड़चन के होते रहें।
जब ऐसे लोगों के निजी हित नियमों के दायरे में पूरे नहीं हुए, तो उन्हें अधिकारी की ईमानदारी और कार्यशैली खटकने लगी। फिर क्या था, शुरू हो गया विरोध का सिलसिला।
पहले बंद कमरों में कानाफूसी हुई, फिर छोटी-छोटी बैठकें होने लगीं। इसके बाद ज्ञापन सौंपे गए और अंततः अधिकारी को हटाने की मांग उठने लगी। कुछ लोगों ने अपनी-अपनी डफली उठाई और अपना-अपना राग अलापना शुरू कर दिया। विरोध को जनहित का आवरण पहनाने की कोशिश भी खूब हुई।
लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में एक बात बड़ी दिलचस्प थी। जिन लोगों के नाम पर विरोध किया जा रहा था, वही आम जनता इस विरोध से पूरी तरह अलग थी। जनता सब देख रही थी और सब समझ भी रही थी।
किसान जानता था कि अब उसकी फाइल बिना किसी अनुचित लेन-देन के आगे बढ़ रही है। एक जरूरतमंद मां जानती थी कि उसकी बेटी की छात्रवृत्ति का काम अब अनावश्यक रूप से नहीं अटकता। गरीब और असहाय व्यक्ति महसूस कर रहा था कि अब उसे अपने छोटे-छोटे कामों के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते।
जनता के लिए अधिकारी की पहचान उनके पद या प्रभाव से नहीं, बल्कि उनके काम से बन रही थी।
यही कारण था कि चंद स्वार्थी लोगों के शोर को न तो समाज ने गंभीरता से लिया और न ही शासन ने। विरोध के स्वर उठते रहे, ज्ञापन दिए जाते रहे, मांगें दोहराई जाती रहीं, लेकिन जनसमर्थन के अभाव में उनकी आवाज धीरे-धीरे कमजोर पड़ती गई।
उधर अधिकारी न किसी शोर से विचलित हुए और न किसी विरोध से प्रभावित। वे पूरी शालीनता, सहजता और दृढ़ता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहे। उन्हें मालूम था कि हर व्यक्ति को संतुष्ट करना संभव नहीं, लेकिन हर व्यक्ति के साथ न्याय करना प्रशासन का दायित्व अवश्य है।
समय बीतता गया। विरोध करने वालों की आवाज थककर शांत हो गई, उनकी डफली की गूंज भी धीरे-धीरे समाप्त हो गई। लेकिन अधिकारी के काम की गति और सुशासन की दिशा बनी रही।
जिला अपनी विकास यात्रा पर आगे बढ़ता रहा।
सीख : ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की राह पर चलने वाले व्यक्ति को कुछ लोगों के विरोध से विचलित नहीं होना चाहिए। क्योंकि शोर मचाने वालों की आवाज कुछ समय तक सुनाई दे सकती है, लेकिन सच्चे काम की गूंज लंबे समय तक रहती है। किसी अधिकारी की वास्तविक पहचान विरोध के ज्ञापनों से नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और उसके कामों से होती है।
लेखक : जगदीश चंद्र मालवीय