|
आगर मालवा। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार 14 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के प्रथम दिवस जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगर मालवा द्वारा बालिका छात्रावास मैट्रिक एवं पिछड़ा वर्ग कन्या छात्रावास में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री डी.एस. चौहान के मार्गदर्शन में प्राधिकरण के सचिव श्री सुरेंद्र सिंह गुर्जर द्वारा आयोजित किए गए। इस दौरान उन्होंने छात्रावासों का निरीक्षण कर छात्राओं से संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया। शिविर में छात्राओं को पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह निषेध अधिनियम, बाल श्रम, साइबर सुरक्षा एवं बाल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों की विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न अथवा अधिकारों के हनन की स्थिति में कानून उनकी सुरक्षा के लिए किस प्रकार सहायता प्रदान करता है। छात्राओं ने खुलकर बताईं समस्याएं छात्रावास निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने श्री सुरेंद्र सिंह गुर्जर के समक्ष भोजन व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता तथा बिजली की अपर्याप्त आपूर्ति जैसी मूलभूत समस्याएं रखीं। छात्राओं ने इन व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता जताई। इस दौरान उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। न्यायोत्सव की गतिविधियों में भाग लेने किया प्रेरित कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित होने वाली मैराथन दौड़ एवं बाइक रैली सहित अन्य जागरूकता गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित वातावरण, कानूनी संरक्षण एवं न्याय तक पहुंच के प्रति जागरूक बनाना रहा। |