आस्था, संस्कृति, इतिहास और पर्यटन की समृद्ध विरासत का जीवंत दस्तावेज है विशेषांक
साप्ताहिक समाचार पत्र मालवा दर्पण, आगर मालवा द्वारा पर्यटन विशेषांक के रूप में नवंबर 2026 में प्रकाशित देवों की धरा – जिला आगर मालवा केवल एक पुस्तिका नहीं, बल्कि आगर-मालवा जिले की आस्था, संस्कृति, इतिहास और पर्यटन का जीवंत दस्तावेज है। पर्यटन परिपथ पर निरंतर अग्रसर के संकल्प के साथ प्रकाशित इस विशेषांक का आवरण ही इसकी आत्मा को प्रकट कर देता है। इसमें एक ओर भगवान श्री बैजनाथ महादेव का भव्य शिखर, दूसरी ओर फूलों से सुसज्जित शिवलिंग, मां बगलामुखी का दिव्य स्वरूप और बैजनाथ मंदिर का मनोहारी प्रवेश द्वार पाठकों को पहली ही नजर में आकर्षित करता है।
पुस्तिका में मां बगलामुखी धाम नलखेड़ा की विश्वप्रसिद्ध दिव्य शक्ति, भगवान श्री बैजनाथ महादेव के चिरपुरातन शिवलिंग, पंच देहरिया महादेव, देव धर्मराज महुड़िया की छतरियों, ऐतिहासिक धरोहरों, मेलों और मालवा की गौरवशाली परंपराओं का सरल, रोचक एवं प्रामाणिक वर्णन किया गया है। यह विशेषांक केवल धार्मिक स्थलों के विवरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भी बताता है कि आगर-मालवा आदिकाल से ही आस्था, भक्ति और संस्कृति का केंद्र रहा है तथा आज पर्यटन के नक्शे पर अपनी नई पहचान बना रहा है।
इस विशेषांक को शासकीय गरिमा और विश्वसनीयता प्रदान करता है कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. शेर सिंह मीणा का शुभकामना संदेश। उन्होंने अपनी शुभकामनाओं में प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा है कि साप्ताहिक समाचार पत्र मालवा दर्पण द्वारा जिले की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विरासत को समेटते हुए देवों की धरा – जिला आगर मालवा नामक विशेष पुस्तिका का प्रकाशन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जिले को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन परिपथ से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सड़कों का सुदृढ़ीकरण, पर्यटन स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं का विकास तथा प्रचार-प्रसार के माध्यम से आगर-मालवा को नई पहचान दिलाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पुस्तिका न केवल श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए उपयोगी मार्गदर्शिका सिद्ध होगी, बल्कि जिले के गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पुस्तिका की भाषा सरल, प्रवाहमयी और जनसामान्य के लिए सुगम है। चित्रों का चयन, लेखों की व्यवस्था और विषयों का क्रमबद्ध प्रस्तुतीकरण इसे अत्यंत पठनीय बनाता है। यह विशेषांक एक ओर शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और पत्रकारों के लिए संदर्भ सामग्री का काम करेगा, तो दूसरी ओर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए उपयोगी मार्गदर्शिका सिद्ध होगा।
कुल मिलाकर देवों की धरा – जिला आगर मालवा जिले के गौरव को जन-जन तक पहुंचाने का एक सराहनीय प्रयास है। यह प्रकाशन जिले की धार्मिक विरासत को सहेजने, पर्यटन को बढ़ावा देने और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करता है। मालवा दर्पण परिवार का यह सारगर्भित एवं प्रशंसनीय प्रकाशन निश्चित रूप से बधाई का पात्र है। यह पुस्तिका हर घर, हर पुस्तकालय और प्रत्येक पर्यटन प्रेमी के संग्रह में स्थान पाने योग्य है।
कलेक्टर ने किया पुस्तिका का विमोचन
कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीणा ने सोमवार को देवों की धरा – जिला आगर मालवा पुस्तिका का विमोचन किया। इस अवसर पर सहायक संचालक जनसंपर्क श्री जगदीश चंद्र मालवीय, संपादक श्री रामेश्वर कारपेंटर, पत्रकार श्री सचिन जैन, श्री नजीर अहमद, श्री गिरीश सक्सेना, श्री हरिनारायण यादव, श्री धीरप हाड़ा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।