|
कलेक्टर ने की जनसुनवाई, 46 आवेदकों की सुनी समस्या आगर-मालवा : जिले के ग्राम मैना में डूब से प्रभावित संतरा बगीचे के किसानों को जल संसाधन विभाग के प्रस्ताव का नियमानुसार परीक्षण कर पात्र सभी डूब प्रभावित किसानों को पात्रतानुसार मुआवजें की राशि का भुगतान तत्काल किया जाए, यह निर्देश कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने मंगलवार को आगर में जनसुनवाई में ग्राम मैना के किसान हड़मंत सिंह के आवेदन पर सुनवाई करते हुए कलेक्टोरट की भू-अर्जन शाखा के प्रभारी अधिकारी को दिए। कलेक्टर ने बड़ौद के ग्राम खेडा नारेला निवासी बलराम के आवेदन पर उसे मेडिकल बोर्ड से परीक्षण करवाकर आगामी गुरूवार को दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाकर देने के निर्देश भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए। बड़ौद वार्ड नम्बर 5 के सुरेश सोनी ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का अनुरोध किया। इस पर कलेक्टर ने परियोजना अधिकारी शहरी विकास को श्री सुरेश को पात्रतानुसार पीएम आवास का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में आगर के श्री दिनेश परमार ने रोगी कल्याण समिति द्वारा बगैर अनुमति के मनमर्जी से कार्य कर राशि व्यय करने संबंधी प्रस्तुत आवेदन पर जिला पंचायत सीईओ को जांच करने के निर्देश दिए। सोयतकलां के भेरूलाल ने आर्थिक सहायता दिलाने, भैंसोदा के प्रभूलाल ने फसल नष्ट करने वालो के विरूद्ध कार्यवाही करने, आगर के गोपाल ने जमीन पर जबरन कब्जा करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही करने, भैंसोदा की सौरमबाई ने लाडली बहना योजना का लाभ दिलाने, भ्याना के शंकरसिंह ने राजस्व रिकार्ड में कृषि भूमि का रकबा कम होने पर त्रुटी सुधार करने, खीमाखेड़ी के सरदार सिंह ने राजस्व रिकार्ड में अमल कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही कर निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में खैराना के भेरूलाल, कानड़ के लखन, कडिया के हिरालाल, बड़ौद के मदन, सुदवास के ओमप्रकाश, मनासा के गोकुल, आमलाखेड़ी के मानसिंह, बड़गोन के आत्माराम, आगर के अमूल, डोंगरगांव के सीताराम, कानड़ के जीवन शर्मा, गोठडा के कंवरसिंह, टिल्याखेड़ी के हरिनारायण, बड़ौद के मदनलाल, पांचारूण्डी की सौरमबाई, बर्डिया के राजकुमार, करवाखेड़ी के शिवलाल, निशानिया के ग्रामीणजन, कानड़ के मांगीलाल, लोंगड़ी के ग्रामीणजन, मोड़ी की उमा पाटीदार आदि ने भी जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत कर अपनी समस्याएं सुनाई। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, संयुक्त कलेक्टर श्री मिलिन्द ढ़ोके सहित जिलाधिकारी उपस्थित थे। |