|
नीमच । कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने विभिन्न विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने तथा निर्धारित साप्ताहिक लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निम्न निर्देश दिए— - क्षेत्र भ्रमण: सभी राजस्व एवं अन्य अधिकारी सप्ताह में कम से कम दो दिन क्षेत्र का भ्रमण कर विभागीय कार्यों की नियमित निगरानी एवं निरीक्षण करें। - गंदे पानी की शिकायत: नगरपालिकाएं एवं नगरीय निकाय शहर में गंदे पानी की शिकायतों का त्वरित निराकरण करें। पानी की गुणवत्ता की जांच सप्ताह में एक बार सुनिश्चित की जाए। - सीएम हेल्पलाइन: सभी विभाग शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण करें। 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निराकृत किया जाए। खराब ग्रेडिंग एवं रैंकिंग वाले विभाग शिकायतों के निराकरण में तेजी लाकर स्थिति सुधारें। - फॉर्मर रजिस्ट्री: राजस्व एवं कृषि विभाग का संयुक्त दल अपने-अपने क्षेत्र में 10 सितम्बर से कैंप लगाकर फॉर्मर रजिस्ट्री का कार्य करवाना सुनिश्चित करें। कार्य में लापरवाही अथवा कार्य नहीं करने पर संबंधित के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी। - लंबित प्रकरण: सभी जिला अधिकारी समय-सीमा पत्रों, सीएम हेल्पलाइन एवं अन्य लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर साप्ताहिक लक्ष्य समय पर पूरा करें। - फसल बीमा : कृषि एवं किसान कल्याण विभाग फसल बीमा संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण कर उन्हें संतुष्टिपूर्वक बंद करवाने के निर्देश। - गौशाला निरीक्षण: सभी अधिकारी ड्यूटी के अनुसार गौशालाओं का निरीक्षण कर तीन दिवस में प्रतिवेदन डीडी वेटरनरी को प्रस्तुत करें। - श्रम योगी मान-धन योजना: श्रम विभाग को योजना के शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। - मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान: अभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री चंद्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अद्यतन एवं संपूर्ण विभागीय जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित हों तथा लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निराकरण योग्य प्रकरणों को लंबित रखना गंभीरता से लिया जाएगा और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव, एडीएम श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम नीमच श्री पराग जैन, एसडीएम मनासा सुश्री किरण आंजना, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती मयूरी जोक, सुश्री श्रुति भयडीया, श्री चंद्र सिंह धार्वे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। |