|
कलेक्टर ने की जनसुनवाई, 97 आवेदकों की सुनी समस्याएं आगर-मालवा : कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई करते हुए 97 आवेदकों की समस्याएं सुनी और उनका समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस मौके पर एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी, एसडीएम श्री मिलिन्द ढोके एवं डिप्टी कलेक्टर श्री प्रेमनारायण परमार उपस्थित थे। जनसुनवाई में तहसील सुसनेर के ग्राम करवाखेड़ी निवासी मंजूबाई ने अपने पति श्री रामकरण की कृषि कार्य करते हुए दुर्घटना में मृत्यु हो जाने पर परिवार के भरण पोषण के लिये आर्थिक सहायता दिलवाने एवं बच्चों के लालन-पालन के लिये आर्थिक सहायता का अनुरोध किया। इस पर मंजू बाई को मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना के तहत् आर्थिक सहायता का प्रकरण तैयार कर योजना का लाभ दिलाने के निर्देश एसडीएम सुसनेर को दिए। साथ ही मंजू बाई के दो पुत्रों को स्पांसरशिप योजना का भी लाभ दिलाने के निर्देश महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी को दिए गए। रामाखेड़ी शाला में नवनियुक्त अतिथि शिक्षक कमलसिंह ने शाला में ज्वाईंनिंग नहीं करवाने एवं अभद्र व्यवहार करने पर कार्यवाही कर शाला में अतिथि शिक्षक पद पर ज्वाइनिंग करने संबंधी आवेदन पर एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने जिला शिक्षा अधिकारी को एक सप्ताह में जांच कर संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए। तनोड़िया के बनेसिंह ने शासकीय भूमि में हेरफेर कर निजी भूमि में परिवर्तित करने पर संबंधित पटवारी के विरूद्ध कार्यवाही करने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर डॉ. मीना ने डिप्टी कलेक्टर श्री प्रेमनारायण परमार को प्रकरण की जांच करवाकर एक सप्ताह में निराकरण करने और बनेसिंह के पात्र पाए जाने पर नियमानुसार मुआवजा राशि प्रदान करने के निर्देश दिए। वार्ड नम्बर-15 सोयतकलां की लक्ष्मीबाई ने विद्युत दुर्घटना में पति की मृत्यु हो जाने पर संबंल योजना का लाभ दिलाने और शेष विभागीय क्षतिपूर्ति राशि दिलाने संबंधी आवेदन पर कलेक्टर डॉ. मीना ने परियोजना अधिकारी शहरी विकास को तत्काल कार्यवाही कर लक्ष्मीबाई को हितलाभ का भुगतान करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में ग्राम लटूरी के कमल गुर्जर, रलायती के राधेश्याम, सुवागांव के जीवन लाल, बड़ौद के शिवनारायण सूर्यवंशी, आगर के गोरधन, देवनारायण पिता कन्हैयालाल, मुकेश पिता ओमप्रकाश, कोहडिया के जितेन्द्रसिंह, अहीरबर्डिया के देवीसिंह, कीटखेड़ी की शकुन्तला बाई, सालरिया के ईश्वर पिता कालूसिंह, खजूरी के प्रेमसिंह पिता हरिसिंह, बाजना के रायसिंह, कराड़िया की रूकमाबई, कांकर के बापूसिंह, कंवराखेडी रामकरण, कानड़ के चतराजी, बोरखेड़ी के माधुजी, सेमली के कमल पिता रामलाल, भण्डावद के भोलाराम पिता नंदराम, ढ़ोटी के नारायण मालवीय, पचोरा के दुलेसिंह पिता दयाराम, बड़गोन के बालाराम, चिकली के गोविन्द पिता दरबारसिंह, भीमपुरा के श्याम सिंह पिता करण सिंह आदि आवेदकों ने अपनी समस्याओं को लेकर अपने आवेदन प्रस्तुत किये। |