|
|
आगर-मालवा । मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग, भोपाल द्वारा जारी मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत जिले के चारों जनपद पंचायतों एवं सातों नगरीय निकायों की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 27 जुलाई 2026 को किया जा चुका है। इसके उपरांत गुरुवार को जिला स्तर पर समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने की। बैठक में भारतीय जनता पार्टी से श्री अशोक प्रजापत, कांग्रेस से श्री अनमोल वर्मा एवं श्री राहुल मेघवाल तथा आम आदमी पार्टी से श्री ईश्वर अजमेरिया सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में डॉ. शालिनी श्रीवास्तव ने मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए राजनीतिक दलों से निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने सभी दलों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) समय से नियुक्त करने तथा उनके माध्यम से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। बैठक के दौरान जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से जिले के सातों नगरीय निकायों की अंतिम मतदाता सूची का एक-एक सेट सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निःशुल्क उपलब्ध कराया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन कार्यालय के इलेक्शन सुपरवाइजर श्री राजेन्द्र पाण्डेय, सहायक प्रोग्रामर श्री शिवलाल शर्मा, डाटा एंट्री ऑपरेटर श्री आशीष चौहान, श्री हिम्मतसिंह तथा निर्वाचन शाखा के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। यह जानकारी स्थानीय निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त । |