|
|
ड्रग्स के विरुद्ध पुलिस कार्रवाई सतत जारी रहेगी -एसपी श्री सोनी नशे से दूरी है जरूरी अभियान का जिला स्तरीय समापन समारोह संपन्न आगर मालवा : समाज के सभी वर्गों के लोग नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बने। नशे से दूरी है जरूरी अभियान की अवधि के बाद भी जागरूकता गतिविधियां निरंतर बनाए रखें और युवा पीढ़ी को नशा त्याग के लिए प्रेरित कर उन्हें समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए पुलिस कार्य करें। यह बात कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने प्रदेश व्यापी नशे से दूरी है जरूरी अभियान 2.0 के जिला स्तरीय समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित करते हुए कही। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी ने कहा कि ड्रग्स के विरुद्ध पुलिस कार्यवाही जिले में सतत जारी रहेगी। उन्होंने नशे के दुष्प्रभाव के प्रति सचेत एवं सजग रहने का भी सभी से आव्हान किया। एसपी ने कहा कि नशे के विरुद्ध यह हमारा संकल्प है। हमारा संदेश, नशा मुक्त हो मध्य प्रदेश। इस अवसर पर कलेक्टर एवं एसपी ने पन्द्रह दिवसीय अभियान के तहत विद्यालयों में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए नशा मुक्ति जागरूकता चित्रों की प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रदर्शनी की सराहना की । कलेक्टर एवं एसपी इस अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने वाले अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राओं, शिक्षकगण तथा नगर रक्षा समिति के सदस्यों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रविंद्र कुमार बोयत ने कहा कि हम नशा मुक्ति अभियान को निरंतर जारी रखेंगे, इसे रुकने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि हम समाज हित में आगर जिले के लिए दृढ़ संकल्पित है। थाना प्रभारी श्रीमती शशि उपाध्याय ने 15 दिवसीय अभियान में आयोजित गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर एसडीएम श्री मिलिंद ढोंके, एसडीओपी श्री मोतीलाल कुशवाहा, श्री देवनारायण यादव, थाना प्रभारी श्री नागेश यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, आमजन, विद्यार्थी एवं पत्रकारगण उपस्थित थे। |