|
|
नीमच। पुलिस मुख्यालय भोपाल (म.प्र.) के निर्देशानुसार जिले में 15 दिवसीय विशेष अभियान के तहत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के अंतर्गत अब केवल चालान ही नहीं, बल्कि लाइसेंस निरस्तीकरण जैसी कड़ी कार्रवाई भी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक श्री अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नवलसिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री किरण चौहान के निर्देशन में यातायात थाना प्रभारी सोनू बडगुर्जर और उनकी टीम द्वारा शहरभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाते पाए गए चालकों के खिलाफ 109 चालान बनाए गए, जिनसे 15,300 रुपये समन शुल्क वसूला गया। वहीं, 5 मोटरसाइकिल चालकों के लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की गई। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य वाहन चालकों पर भी सख्ती दिखाई गई, जिसमें करीब 90 चालान बनाकर 62,900 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें। सड़क दुर्घटनाओं में सिर की चोटें मृत्यु का प्रमुख कारण बनती हैं, जिसे हेलमेट पहनकर काफी हद तक रोका जा सकता है। यातायात पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। शहर में पंपलेट वितरण, मोबाइल पार्टी के जरिए पीए सिस्टम से प्रचार-प्रसार कर लोगों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अपील: यातायात पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें और चारपहिया वाहनों में लगी काली फिल्म स्वयं हटाएं। नियमों का उल्लंघन करने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आपका सहयोग ही सुरक्षित यातायात की दिशा में सबसे बड़ा कदम है। |