|
आगर मालवा । जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने शुक्रवार को ग्राम बाईगाँव में उद्यानिकी विभाग के सहयोग से स्थापित प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) यूनिट जय शिव मावा भण्डार का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने हितग्राही श्री कमल झलाया से संवाद कर यूनिट के संचालन, उत्पादन प्रक्रिया एवं विपणन व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी ली। कृषक ने बताया कि वे यूनिट के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 1 क्विंटल मावा का उत्पादन कर रह है। यूनिट में 4 व्यक्तियों को रोजगार मिलने के साथ ही 30 से 35 हजार रुपए के प्रतिमाह शुद्ध आय प्राप्त हो रही है। कलेक्टर ने यूनिट में मावा आधारित उत्पादों के प्रसंस्करण, गुणवत्ता, स्वच्छता एवं पैकेजिंग की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत स्थापित इस इकाई की कुल लागत 15 लाख रुपये है, जिस पर हितग्राही को 35 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की इकाइयां ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार, स्थानीय रोजगार सृजन एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. मीना ने हितग्राही को उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने, स्थानीय बाजार के साथ-साथ ऑनलाइन विपणन से जुड़ने एवं विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को हितग्राहियों को निरंतर मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप सोनी, जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी, डिप्टी कलेक्टर सुश्री अर्पिता राय, उपसंचालक उद्यानिकी श्री अर्जुन सिंह राजपूत एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। |