|
नलखेड़ा। स्थानीय सरदार वल्लभभाई पटेल शासकीय महाविद्यालय नलखेड़ा में मानसिक स्वास्थ्य प्रकोष्ठ एवं आईक्यूएसी के तत्वावधान में संविधान दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. जी.एल. रावल की अध्यक्षता तथा शासकीय महाविद्यालय सुसनेर के प्राचार्य डॉ. जी.सी. गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मेदांता फाउंडेशन इंदौर के सहयोग से स्वास्थ्य संवर्धन एवं जागरूकता के उद्देश्य से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. जी.सी. गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय संविधान में प्रदत्त अधिकारों एवं कर्तव्यों के बीच समन्वय स्थापित कर उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने से आदर्श व्यक्तित्व का निर्माण किया जा सकता है। वहीं इंदौर से पधारे मेदांता फाउंडेशन के डॉ. आनंद यादव ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं स्टाफ को चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। कन्हैया चौरसिया ने संतुलित आहार एवं एनीमिया प्रबंधन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर मेदांता फाउंडेशन इंदौर के अनिल शर्मा के समन्वय एवं निर्देशन में संपन्न हुआ। अध्यक्षीय उद्बोधन में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी.एल. रावल ने संविधान निर्माण की संपूर्ण प्रक्रिया को ऐतिहासिक संदर्भों के साथ प्रस्तुत करते हुए वर्तमान समय में संविधान की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में शासकीय महाविद्यालय सुसनेर के प्राचार्य डॉ. जी.सी. गुप्ता के सेवानिवृत्त होने के उपलक्ष्य में उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंटकर भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम का संचालन आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. आरती नागर ने किया तथा आभार मानसिक स्वास्थ्य प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. आशीष सांखला ने माना। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। |