|
मंदसौर। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर रविवार को महाअष्टमी के अवसर पर अंचल में आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। ग्राम गरनाई से चमत्कारी फोसरी माता मंदिर तक निकाली गई 151 फीट लंबी भव्य चुनरी यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माँ के चरणों में अपनी अटूट श्रद्धा अर्पित की। इस दौरान पूरा क्षेत्र माता के जयकारों और भक्तिमय भजनों से गूंज उठा। समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा की शुरुआत रविवार सुबह 11:00 बजे गरनाई स्थित श्री राम जानकी मंदिर प्रांगण से हुई। माता के जयकारों के बीच आतिशबाजी के साथ शुरू हुई यात्रा गांव के मुख्य मार्गों से होकर संजीत बस स्टैंड होते हुए गुजरी, जहां जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। यात्रा में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। यात्रा में डीजे पर गूंजते भक्ति गीतों ने पूरे वातावरण को पूरी तरह से धर्ममय बना दिया। श्रद्धालु झूमते नाचते हुए जयकारों के साथ माता रानी के दरबार में पहुंचे। यात्रा करीब चार किमी लंबे सफर के बाद 3:00 बजे संजीत स्थित प्राचीन फोसरी माता मंदिर परिसर पहुंची। जहां श्रद्धालुओं ने शीश झुकाकर मां का आशीर्वाद लिया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामनाएं की। मंदिर प्रांगण पहुंचने पर विधि-विधान के साथ माता रानी को 151 फीट लंबी चुनरी चढ़ाई गई। इसके बाद महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती के पश्चात उपस्थित सभी श्रद्धालुओं में महाप्रसादी का वितरण किया गया, इसके साथ ही भव्य चुनरी यात्रा का सफलता पूर्वक समापन हुआ। रिपोर्ट : कमलेश शर्मा |