रतलाम। भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मस्थली वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा का रतलाम जिले में प्रवेश हुआ। राजस्थान की सीमा से मध्यप्रदेश में प्रवेश करने के बाद यात्रा सैलाना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुंडा पहुंची। यहां से यात्रा सरवन होते हुए सैलाना पहुंची, जहां ओशिन परिसर में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
सैलाना के बाद यात्रा धामनोद होते हुए नामली पहुंची। यहां युवा किसानों के साथ जैविक खेती को लेकर संवाद एवं कार्यशाला आयोजित की गई। नामली में रात्रि विश्राम के बाद यात्रा पुनः प्रारंभ होकर ग्रामीण क्षेत्रों से होती हुई जावरा विधानसभा के भूतेड़ा पहुंची, जहां जावरा विधायक राजेंद्र पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया।
जावरा के धाकड़ चौराहे पर भारत माता की आरती के बाद स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके पश्चात यात्रा आलोट विधानसभा क्षेत्र के खारवा पहुंची, जहां सेवा यात्रियों ने गौसेवा की। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। आलोट नगर में रक्तदान शिविर में युवाओं ने 40 यूनिट रक्तदान किया। इस दौरान जम्मू में भारतीय सेना में सेवा दे रहे एक जवान के परिवार का सम्मान भी किया गया।
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्ज्वला योजना सहित विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद कर उनके अनुभव भी जाने गए। सैलाना, रतलाम ग्रामीण, जावरा और आलोट विधानसभा क्षेत्रों में पंचायत स्तर से लेकर यात्रा के प्रमुख मार्गों तक भाजपा एवं युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने जगह-जगह स्वागत किया।
जनसेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का उद्देश्य
भाजयुमो जिलाध्यक्ष अनुकूल सोनी ने कहा कि वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही यह यात्रा सेवा कार्यों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि यात्रा कार्यकर्ताओं में सेवा और राष्ट्र प्रथम की भावना को मजबूत करने का माध्यम है।
यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, जावरा विधायक राजेंद्र पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई शंभूलाल मालवीय, जिला महामंत्री महेश सोनी, जिला उपाध्यक्ष क्रांति जोशी, पूर्व विधायक संगीता चारेल, सैलाना जनपद अध्यक्ष कैलाशी चारेल, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अनुकूल सोनी, यात्रा प्रभारी पवन शर्मा, आयुष कोठारी, अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष गोविंद डामर, भाजयुमो जिला महामंत्री कृष्णा डिंडोर सहित भाजपा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान पंकज राठौड़, दिनेश जाट, लोकेश शर्मा, राजेश शर्मा, दिलीप डोडिया, गोपाल डांगी, हरिसिंह गुर्जर, शुभम राठौड़, भेरुसिंह निनामा, फूलसिंह जादव, अशोक धाकड़, संजय पाटीदार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत