रतलाम / सरवन। जलझूलनी ग्यारस के पावन पर्व पर मंगलवार को ग्राम सरवन में धार्मिक आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। पर्व के अवसर पर नगर के विभिन्न मंदिरों से भगवान की आकर्षक झांकियां निकाली गईं। सभी झांकियां आजाद चौक पर एकत्रित हुईं, जहां से विधिवत रूप से नगर भ्रमण यात्रा प्रारंभ हुई। इस दौरान ढोल-डीजे की भक्तिमय धुनों और जयकारों से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा।
झांकियों की यात्रा आजाद चौक से प्रारंभ होकर नीम चौक, सदर बाजार, टंकी चौराहा और माहेश्वरी गली होते हुए तेजाजी प्रांगण पहुंची। यात्रा के मार्ग में नगरवासियों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ झांकियों का स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने अपने घरों के बाहर झांकियों की पूजा-अर्चना की और भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। घर-घर हुए पूजन और स्वागत से पूरे नगर का वातावरण धार्मिक एवं भक्तिमय नजर आया।
यात्रा में ग्राम के विभिन्न समाजों और वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। ढोल की थाप और डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल रहे। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर झांकियों का स्वागत किया।
नगर भ्रमण के बाद सभी झांकियां तेजाजी प्रांगण पहुंचीं, जहां विधि-विधान के साथ भगवान की भव्य आरती की गई। आरती के साथ धार्मिक आयोजन का समापन हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे।
जलझूलनी ग्यारस के इस आयोजन ने सरवन में आपसी भाईचारे, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता की सुंदर तस्वीर प्रस्तुत की। पूरे आयोजन में नगरवासियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत