रतलाम /सैलाना। भाजपा के आंगन का मिलन कार्यक्रम को लेकर सैलाना स्थित ओशिन परिसर में कार्यकारिणी बैठक का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता करते हुए आगामी कार्यक्रम की तैयारियों, व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान महिला कार्यकर्ताओं में आयोजन को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
कार्यकारिणी बैठक में मंदसौर प्रभारी श्रीमती निर्मला गुप्ता, जिला प्रभारी श्रीमती क्रांति जोशी, जिला संयोजक श्रीमती दिव्या शर्मा तथा जनपद अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक श्रीमती कैलाशी चारेल की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने उपस्थित बहनों को आंगन का मिलन कार्यक्रम के उद्देश्य, स्वरूप और आयोजन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में मंडल संयोजक बहनों, जिला पदाधिकारी बहनों सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय मौजूदगी रही। पार्षद श्रीमती आशा कसेरा, श्रीमती चंदा पारगी तथा एल्डरमैन श्रीमती सपना खराड़ी सहित बड़ी संख्या में सम्माननीय बहनों ने बैठक में उपस्थित होकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई। विभिन्न व्यवस्थाओं एवं आगामी गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान महिला कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने माहौल को जीवंत बना दिया। उपस्थित बहनों ने संगठन की आगामी गतिविधियों को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए। आयोजन के माध्यम से महिला कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय रूप से जोड़ने और आगामी कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर सफल बनाने की दिशा में तैयारियों को गति देने पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम का सफल संचालन विधानसभा प्रभारी श्रीमती किरण माहेश्वरी ने किया, जबकि श्रीमती मनीषा कुमावत ने उपस्थित अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
बैठक के समापन अवसर पर संगठन की मजबूती, महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता और आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने के संकल्प के साथ सभी ने एकजुट होकर कार्य करने का संदेश दिया। महिला कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति से स्पष्ट रहा कि आंगन का मिलन कार्यक्रम को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां जोर पकड़ रही हैं।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत