रतलाम / सरवन। वीर शिरोमणि सत्यवादी तेजाजी महाराज की दशमी के अवसर पर सरवन में आयोजित होने वाले पारंपरिक मेले को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए रविवार को थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया के नेतृत्व में पुलिस बल ने नगर में फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस थाना सरवन से शुरू हुआ फ्लैग मार्च पैलेस चौराहा, टंकी चौराहा, नीम चौक, सदर बाजार, बेडदा रोड, इमामबाड़ा होते हुए वीर तेजाजी मंदिर पहुंचा। इसके बाद पुलिस दल वापस पुलिस थाना सरवन पहुंचा। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने प्रमुख मार्गों, चौराहों, बाजार क्षेत्र तथा मंदिर परिसर के आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
तेजा दशमी के अवसर पर सरवन में लगने वाले मेले को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पुलिस की प्राथमिकता में है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने के साथ ही बाजार और प्रमुख मार्गों पर भीड़ का दबाव बढ़ने की संभावना रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने नगर के संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण किया और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर स्थिति का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने आमजन को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति भरोसा दिलाने के साथ ही असामाजिक तत्वों को भी स्पष्ट संदेश दिया कि मेले के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस बल की मौजूदगी से नगर में सुरक्षा का माहौल दिखाई दिया।
थाना प्रभारी अर्जुन सेमलिया के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस दल ने मंदिर क्षेत्र और मेले से जुड़े प्रमुख मार्गों का भी निरीक्षण किया। पुलिस की नजर भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर रहेगी।
वीर शिरोमणि तेजाजी महाराज की दशमी को लेकर सरवन सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धालुओं में उत्साह है। ऐसे में पुलिस प्रशासन द्वारा मेले से पहले नगर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेना सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत