रतलाम। शहर के संत रविदास चौक (चमारिया नाका) स्थित तेजानगर ब्लॉक क्रमांक 01 के मुख्य प्रवेश द्वार पर देर रात तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। नगर पालिक निगम द्वारा नागरिकों की सुविधा एवं क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से निर्मित एवं स्थापित किए गए प्रवेश द्वार को कथित रूप से कुछ लोगों ने जानबूझकर क्षतिग्रस्त कर दिया। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की इस घटना को लेकर नगर निगम अब सख्त कार्रवाई के मूड में नजर आ रहा है।
मामले में नगर पालिक निगम रतलाम के कर्मशाला विभाग की ओर से 7 सितंबर 2026 को थाना माणक चौक पुलिस को पत्र भेजकर घटना में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध FIR दर्ज करने एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।
नगर निगम के पत्र के अनुसार घटना 6 सितंबर 2026 की रात लगभग 10 बजे से 12 बजे के बीच हुई। तेजानगर ब्लॉक क्रमांक 01 के मुख्य प्रवेश द्वार पर हुई तोड़फोड़ के संबंध में मौके पर पंचनामा भी बनाए जाने का उल्लेख निगम ने अपने पत्र में किया है।
नगर निगम को प्राप्त पार्षद वार्ड क्रमांक 23 के पत्र के आधार पर तोड़फोड़ की घटना में कथित रूप से शामिल बताए गए व्यक्तियों में मनीष मालपानी, हर्ष वशिष्ठ एवं अक्षित मूणत सहित तेजानगर ब्लॉक नंबर 01 के अन्य रहवासियों के नामों का उल्लेख किया गया है। हालांकि इन व्यक्तियों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
नगर निगम ने थाना माणक चौक पुलिस से विशेष रूप से मांग की है कि घटनास्थल एवं उसके आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की जाए। फुटेज के आधार पर घटना में शामिल सभी व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार FIR दर्ज करते हुए वैधानिक कार्रवाई की जाए।
नगर निगम ने पुलिस को भेजे पत्र के साथ पार्षद का पत्र एवं घटना से संबंधित फोटोग्राफ्स भी संलग्न किए हैं। निगम का यह कदम सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाली घटनाओं को लेकर प्रशासन की गंभीरता को दर्शाता है।
तेजानगर का प्रवेश द्वार केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि क्षेत्र की पहचान और सौंदर्यीकरण का हिस्सा भी है। ऐसे में सार्वजनिक धन से निर्मित संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटना ने सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस द्वारा CCTV फुटेज, मौके के पंचनामा और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच किए जाने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ होगी।
फिलहाल नगर निगम की शिकायत के बाद तेजानगर गेट तोड़फोड़ मामला पुलिस कार्रवाई के घेरे में आ गया है। अब नजर इस बात पर है कि CCTV जांच में कौन-कौन से चेहरे सामने आते हैं और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत