रतलाम / सैलाना। नगर परिषद सैलाना के वार्ड क्रमांक 03 में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वार्ड में अलग-अलग स्थानों पर तीन चोरी की घटनाएं होने के बाद अब मोटरसाइकिल चोरी करने के प्रयास की घटना सामने आई है। लगातार हो रही वारदातों से वार्डवासियों में दहशत का माहौल है और लोग रात के समय अपने घरों एवं वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वार्ड क्रमांक 03 के भाजपा पार्षद कुलदीप कुमावत ने मोर्चा संभालते हुए पुलिस थाना सैलाना के थाना प्रभारी को लिखित पत्र सौंपा है। पार्षद ने पुलिस से वार्ड में हुई तीनों चोरी की घटनाओं का तत्काल खुलासा करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा भविष्य में ऐसी वारदातों पर रोक लगाने के लिए प्रभावी पुलिसिंग की मांग की है।
पार्षद कुमावत ने अपने पत्र में बताया कि 31 अगस्त 2026 को वार्ड में चोरी की घटनाएं हुई थीं। इन घटनाओं के बाद भी अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से नागरिकों में चिंता बढ़ती जा रही है। इसी बीच गत रात्रि मोटरसाइकिल चोरी करने का प्रयास किए जाने की घटना ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
पार्षद ने पुलिस से स्पष्ट रूप से मांग की है कि वार्ड में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर नजर रखी जाए तथा रात के समय नियमित जांच अभियान चलाया जाए। उनका कहना है कि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो चोरों के हौसले और बढ़ सकते हैं।
पार्षद कुलदीप कुमावत ने नगर परिषद अध्यक्ष एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी को भी पत्र देकर वार्ड की प्रकाश व्यवस्था का मुद्दा उठाया है। उन्होंने श्री अशोक कुमावत के मकान से हनुमान मंदिर एवं रंगवाड़ी मोहल्ले तक पर्याप्त रोशनी नहीं होने की बात कही है।
उन्होंने कहा कि वार्ड की कई गलियां रात के समय अंधेरे में डूब जाती हैं। ऐसे स्थान असामाजिक तत्वों और चोरों के लिए आसानी से गतिविधियां करने का मौका बन सकते हैं। इसलिए उन्होंने तत्काल स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइट लगाने तथा वार्ड के सभी अंधेरे स्थानों को चिन्हित कर वहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने की मांग की है।
पार्षद कुमावत ने कहा कि वार्डवासियों की सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। पुलिस चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करे और आरोपियों तक पहुंचे, वहीं नगर परिषद अंधेरे क्षेत्रों में तत्काल प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करे।
लगातार हो रही चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाओं पर यदि शीघ्र अंकुश नहीं लगाया गया तो वार्डवासियों के साथ आगे आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जा सकता है।
अब देखना यह है कि वार्ड-3 में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस कितनी तेजी से आरोपियों तक पहुंचती है और नगर परिषद अंधेरे इलाकों को रोशन करने के लिए कितनी जल्दी कदम उठाती है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत