रतलाम। कृषि उपज मंडी परिसर स्थित एमपी एग्रो के खाद गोदाम में किसानों के साथ कथित दुर्व्यवहार और बदतमीजी का वीडियो वायरल होने के बाद बुधवार को किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। वीडियो सामने आते ही किसान नेताओं ने मामले को गंभीरता से लिया और बड़ी संख्या में किसान एमपी एग्रो खाद गोदाम के बाहर पहुंच गए। यहां किसानों ने धरना शुरू कर जमकर नारेबाजी की और संबंधित कर्मचारी के व्यवहार पर कड़ी नाराजगी जताई।
धरने पर बैठे किसानों का कहना था कि किसान अपने खेतों के लिए खाद लेने आता है वह किसी के सामने भीख मांगने नहीं आता। किसानों ने सवाल उठाया कि जब अन्नदाता के साथ ही सम्मानजनक व्यवहार नहीं किया जाएगा तो ऐसी व्यवस्था में किसानों की समस्याओं का समाधान कैसे होगा।
मामले को लेकर एमपी एग्रो के खाद गोदाम संचालक विजय पांचाल ने अपनी बात रखते हुए कहा कि यहां वे अकेले कर्मचारी हैं और खाद वितरण सहित सभी कार्य उन्हें ही संभालने पड़ते हैं। उन्होंने अपने स्वास्थ्य का हवाला देते हुए कहा कि वे हार्ट के पेशेंट हैं और उनका स्थानांतरण कर दिया जाए। विजय पांचाल ने अधिकारियों और किसानों के सामने भी बार बार स्थानांतरण की बात कही।
काफी देर तक चले धरने की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार रामचंद्र पांडे और कृषि अधिकारी भगवान सिंह अर्गल मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने धरने पर बैठे किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान किसान नेता देवेंद्र सिंह सेजावता ने अधिकारियों के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि किसानों के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यहां तक कहा कि यदि कर्मचारी खुद स्थानांतरण की मांग कर रहा है तो उच्च अधिकारियों से चर्चा कर उसका स्थानांतरण करवाया जाए।
किसानों की मांग और आक्रोश को देखते हुए नायब तहसीलदार रामचंद्र पांडे और कृषि अधिकारी भगवान सिंह अर्गल ने उच्च अधिकारियों से चर्चा की।
अधिकारियों ने खाद वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए एक अन्य कर्मचारी को भी यहां बैठाने की बात कही। साथ ही किसानों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि एक बीघा भूमि पर एक बोरी यूरिया खाद प्रदान की जाएगी।
धरने के दौरान किसानों ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि जब तक संबंधित कर्मचारी किसानों से माफी नहीं मांगता तब तक वे धरना समाप्त नहीं करेंगे। किसानों की नाराजगी के बीच काफी देर तक एमपी एग्रो के बाहर माहौल गरमाया रहा।
धरने में किसान नेता देवेंद्र सिंह सेजावता राजेश पुरोहित मानवेंद्र सिंह लुनेरा संजय पाटीदार मानव प्रद्युम्न सिंह राधेश्याम उपाध्याय जितेन सिंह चावड़ा अनिल धाकड़ महेश सुथार दिनेश धाकड़ प्रहलाद धाकड़ और अंबाराम मालवी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
किसानों के विरोध के बाद अब खाद वितरण व्यवस्था में सुधार और संबंधित कर्मचारी के व्यवहार को लेकर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर किसानों की नजर बनी हुई है। :::
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत