रतलाम। नेपाल की पावन धरती काठमांडू में होने वाले चातुर्मास एवं धार्मिक आयोजनों में शामिल होने के लिए रतलाम से रामस्नेही श्रद्धालुओं का दल मंगलवार को उत्सवी और भक्तिमय माहौल में नेपाल यात्रा पर रवाना हुआ। रतलाम रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मंगल तिलक लगाकर पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। इस दौरान स्टेशन परिसर जय श्रीराम जय पशुपतिनाथ और रामस्नेही संतों के जयघोष से गूंज उठा।
रामस्नेही हरिमानव परमार्थ सेवा संस्था की संरक्षक श्रीमती शांति बाई सांखला एवं श्रीमती पद्मा प्रेम उपाध्याय के नेतृत्व में श्रद्धालुओं का यह दल रतलाम से गोरखपुर होते हुए नेपाल पहुंचेगा। नेपाल पहुंचने के बाद श्रद्धालु परम पूज्य संत प्रखर वक्ता एवं रामस्नेही संत पूज्य गुरुदेव श्री हरिराम जी शास्त्री महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित चातुर्मास कार्यक्रम में सहभागी बनेंगे।
यात्रा पर रवाना होने से पहले रतलाम रेलवे स्टेशन पर पूर्व पार्षद अशोक देवड़ा पूर्व पार्षद वंदना पुरोहित प्रेमलता देवड़ा प्रकाश परमार कन्हैया पटेल सामाजिक कार्यकर्ता अनिल पुरोहित राजेंद्र जोशी सहित धर्मप्रेमीजन एवं संस्था सदस्यों ने श्रद्धालुओं का आत्मीय अभिनंदन किया। श्रद्धालुओं को पुष्पमाला पहनाकर मंगल तिलक लगाया गया और सुखद एवं सफल यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने कहा कि यह यात्रा केवल नेपाल भ्रमण तक सीमित नहीं है बल्कि संत सान्निध्य भक्ति साधना और आध्यात्मिक चेतना से जुड़ने का पावन अवसर है।
विशेष रूप से आगामी 13 अगस्त से काठमांडू में विशाल शिवपुराण कथा का शुभारंभ होने जा रहा है। चातुर्मास के दौरान शिवपुराण कथा सहित विभिन्न धार्मिक आध्यात्मिक एवं भक्तिमय आयोजन होंगे। इन आयोजनों में देश और विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
श्रद्धालु नेपाल में भगवान श्री पशुपतिनाथ के दिव्य दर्शन का पुण्य लाभ भी प्राप्त करेंगे। संस्था सदस्यों के अनुसार पूज्य गुरुदेव श्री हरिराम जी शास्त्री महाराज के चातुर्मास में सहभागी होना श्रद्धालुओं के लिए परम सौभाग्य का अवसर है। संत सान्निध्य और पशुपतिनाथ के दर्शन से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति की अनुभूति प्राप्त होगी।
रतलाम से रवाना हुआ यह रामस्नेही श्रद्धालु दल अब नेपाल की पावन धरती पर धर्म आस्था और भक्ति का संदेश लेकर पहुंचेगा। विदाई के दौरान स्टेशन पर मौजूद धर्मप्रेमीजन ने यात्रियों के मंगलमय सफर और सकुशल वापसी की कामना की। :::
रिपोर्टर जीतेन्द्र कुमावत