|
|
सिंगरौली जिले के बरगावां थाना क्षेत्र के धडसाडा गांव में खुले और असुरक्षित कुएं में गिरने से 14 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बालक स्थानीय किराना दुकान से सामान लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान एक कुत्ते ने उस पर अचानक हमला कर दिया। कुत्ते से बचने के लिए वह भागने लगा, लेकिन रास्ते में खुले कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना का संज्ञान लेते हुए मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने सिंगरौली कलेक्टर को मामले की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने मृतक के उत्तराधिकारियों को शासन के नियमानुसार देय आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन दो सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने को कहा है। |