|
|
कांग्रेस जिला अध्यक्ष का जावद मामले में भाजपा पर तीखा हमला नीमच। जावद विधायक और पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा का जावद क्षेत्र में हुआ विरोध महज एक इत्तेफाक नहीं बल्कि भाजपा के सत्ता हासिल करने के लिए जनता से किए गए झूठे वादों के खिलाफ सुलग रहे जन आक्रोश की शुरुआत हैं। इस मामले पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और कार्यशैली पर जमकर प्रहार किया है। बाहेती ने तीखे शब्दों में कहा कि भाजपा ने बार-बार झूठ बोलकर, जनता को गुमराह कर और तरह-तरह के लालच देकर तथा झूठे वादों के सहारे सरकारें तो बना लीं, लेकिन यह आभामण्डल पूरी तरह से टूटने लगा है। बाहेती ने जिले भाजपा नेताओं की झूठ बोलने और सिर्फ आश्वासन देने की कार्यशैली पर तीखी प्रतिक्रिया देते कहा कि नीमच जिले में भाजपा विधायकों के खिलाफ जन आक्रोश की शुरुआत हो चुकी है। आने वाले दिनों में देखना है कि अब जनता किसकी बारी लेती है। बाहेती ने कहा की विकास के लिए केवल बड़ी-बड़ी बातों से जनता का पेट नहीं भरता। आज स्थिति यह हो चुकी है कि धरातल पर नाकाम रहने के कारण भाजपा नेताओं का जनता के बीच जाना तक मुश्किल हो गया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने आगे कहा कि भाजपा ने लोगों को झूठे वादे, खोखले दिलासे और बड़े-बड़े हसीन सपने दिखाकर सत्ता हासिल की थी लेकिन अब झूठ का आइना पूरी तरह नष्ट हो रहा है और जमीनी सच्चाइयां सबके सामने आ रही हैं।बाहेती ने पुरजोर दावा किया कि भाजपा नेताओं द्वारा लगातार की गई वादाखिलाफी की वजह से विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में भयानक आक्रोश व्याप्त है। स्थिति आज इतनी गंभीर और चिंताजनक हो चुकी है कि भाजपा नेताओं को गांव-गांव से खदेड़ा जा रहा है और वे जनता का सामना करने की स्थिति में भी नहीं बचे हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बाहेती ने पुरे जिले में भाजपा के झूठे वादे बिखरे पड़े हैं। जिले की परिस्थितियों का जिक्र करते हुए बाहेती ने कहा जहां खराब सड़कों को लेकर स्थानीय लोगों ने जावद विधायक पर भारी आक्रोश जताया, वहीं नीमच जिला मुख्यालय पर भी हालात अच्छे नहीं हैं और आज भी विकास की बातें अधूरी हैं। नीमच-चीताखेड़ा-जीरन मार्ग की दुर्दशा के कारण अब तक कई जानें जा चुकी हैं लेकिन रोड बनाने का नाम नहीं लिया जा रहा है। आरोग्य तीर्थ भादवा माता में लगातार भक्तजन बदहाली और दुर्दशा का शिकार हो रहे हैं लेकिन स्थानीय विधायक वहां जाने को तैयार नहीं हैं। इसके अलावा नीमच के जमुनिया-जयसिंहपुरा-धनेरिया बाईपास का धरातल पर कोई अता-पता नहीं है और ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी लोग पेयजल के लिए तरस रहे हैं। वहीं मनासा क्षेत्र में सर्वाधिक अपराध पैर पसार रहे हैं। क्षेत्र में एमडी ड्रग,अवैध हथियार, रेत और जमीनों पर अवैध कब्जे की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। मनासा में अपराध होने के बाद भी पुलिस द्वारा अपराध दर्ज नहीं किया जा रहे हैं। ऐसे अन्य कई मुद्दे जनता के भारी आक्रोश का कारण बनते जा रहे हैं और आने वाले दिनों में जिले के तीनों विधायकों को जनता के इस उग्र आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। तरुण बाहेती ने जिले में भाजपा के झूठे वादों को लेकर कहा कि पूर्व मंत्री व विधायक ओमप्रकाश सकलेचा के साथ जो विरोध की घटना हुई है उसे भाजपा नेतृत्व किसी एक व्यक्ति के खिलाफ व्यक्तिगत नाराजगी समझने की भूल कतई न करे। यह वास्तव में पूरी भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों उनके प्रशासनिक अहंकार और उनकी वादाखिलाफी के विरुद्ध जनता का सामूहिक विरोध है जो अब सब्र का बांध टूटने पर बाहर आ रहा है। उन्होंने भाजपा के जनप्रतिनिधियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा है कि भाजपा के नेता अब भी अपनी कार्यशैली में सुधार लाएं और जनता से झूठ बोलना तुरंत बंद करें क्योंकि झूठ के सहारे लंबे समय तक राजनीति नहीं की जा सकती। यदि समय रहते किसानों की बुनियादी समस्याओं जैसे खाद-बीज की किल्लत और इस कमरतोड़ महंगाई का कोई ठोस और त्वरित समाधान नहीं निकाला गया तो भाजपा नेताओं को आने वाले समय में जिले के प्रत्येक क्षेत्र में जनता के इसी तरह के भारी उग्र और व्यापक विरोध का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार रहना होगा। -सांसद के नीमच से सौतेले व्यवहार पर विधायकों का मौन बनेगा आक्रोश का कारण जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा की सांसद सुधीर गुप्ता लगातार नीमच को विकास से दूर कर रहे हैं लेकिन जिले के तीनों भाजपा विधायक चुपचाप बैठकर मूकदर्शक बने हुए हैं और नीमच के हक को लगातार छिनते हुए अपनी आंखों से देख रहे हैं। शासन द्वारा हाल ही में नयागांव-भोपाल ग्रीन कॉरिडोर एक्सप्रेस वे रूट से नीमच को पूरी तरह दूर कर दिया गया और यह फोरलेन मंदसौर तक ही सीमित कर दिया गया जिससे नीमच को बड़ा नुकसान होगा। पहले ही एनसीसी एवं कई ट्रेन स्टोपेज़ मंदसौर जा चुके है। इस बड़े नुकसान पर स्थानीय विधायकों और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी आने वाले समय में बहुत भारी पड़ेगी। जिले की जनता के साथ हो रहे इस सौतेले व्यवहार का आक्रोश एक दिन ज्वालामुखी बनकर फूटेगा, जिसका जवाब देना और सामना करना तीनों विधायकों के लिए भारी पड़ेगा। |