|
|
तिराहों-चौराहों पर जगमगाई हाई मास्क लाइटें, अंधेरे से मिली राहत जाट। ग्राम पंचायत जाट द्वारा 15वें वित्त आयोग से प्राप्त राशि का उपयोग पेयजल व्यवस्था एवं स्वच्छता कार्यों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए किया जा रहा है। इसी क्रम में जावद विधानसभा क्षेत्र की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत जाट में विभिन्न तिराहों, चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर हाई मास्क लाइटें स्थापित की गई हैं। ग्राम पंचायत सचिव प्रेमचंद माली एवं सरपंच लालूराम के प्रयासों से 15वें वित्त आयोग की निधि से 10 हाई मास्क लैंप स्वीकृत कराए गए। इनके अंतर्गत डाक बंगले वाले बालाजी चौराहा, माध्यमिक विद्यालय मार्ग, बस स्टैंड तिराहा, वीरेंद्र कुमार सकलेचा सामुदायिक भवन, गौशाला, गुमटा बालाजी चौराहा तथा धाकड़ समाज सराय सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर हाई मास्क लाइटें लगाई गई हैं। हाई मास्क लाइटों के संचालन से तिराहे, चौराहे एवं सामुदायिक स्थल दूधिया रोशनी से जगमगा उठे हैं। इससे राहगीरों एवं स्थानीय नागरिकों को रात्रि के समय आवागमन में सुविधा मिल रही है। साथ ही बरसात के मौसम में जहरीले जीव-जंतुओं के खतरे में कमी आने तथा चोरी जैसी घटनाओं की आशंका भी कम होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा किए गए इस जनहितैषी कार्य की सराहना करते हुए इसे गांव के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है। रिपोर्ट : आजाद खान |