|
|
नीमच : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) आज रविवार को जिले के दो परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से सायं 5:15 बजे तक आयोजित की गई। जिले के श्री सीताराम जाजू कन्या महाविद्यालय, नीमच में पंजीकृत 456 परीक्षार्थियों में से 423 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि स्वामी विवेकानंद पी.जी. कॉलेज, नीमच में पंजीकृत 470 परीक्षार्थियों में से 422 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। इस प्रकार जिले में कुल 926 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 845 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में परीक्षा का संचालन स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से किया गया। एडीएम श्री बी.एस. कलेश, डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्र सिंह धारवे, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारियों ने सुबह से ही दोनों परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परीक्षा की सुरक्षा एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए दोनों केंद्रों पर बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, लाइव सीसीटीवी निगरानी, हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) से जांच तथा त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई थी। प्रशासन द्वारा परीक्षार्थियों के अभिभावकों के लिए केंद्र परिसर में बैठने की समुचित व्यवस्था की गई। साथ ही पेयजल एवं अल्पाहार की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। नगर समन्वयक एवं केंद्रीय विद्यालय नीमच के प्राचार्य श्री प्रियदर्शन गर्ग ने भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास ने परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न होने पर सभी परीक्षार्थियों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। |