|
|
डूंगरपुर जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ "ऑपरेशन स्वच्छता" चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खींवसिंह और सीमलवाड़ा वृत्ताधिकारी मदनलाल विश्नोई के सुपरविजन में चोरासी थानाधिकारी भंवरसिंह और उनकी टीम को यह बड़ी कामयाबी मिली। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने स्टेट हाईवे रोड 54 पर पुलिस चौकी वैंजा के सामने नाकाबंदी की थी। इस दौरान एक संदिग्ध पिकअप गाड़ी को रोका गया। जब पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली, तो ऊपर से वह सामान्य घरेलू सामान जैसी नजर आ रही थी, लेकिन अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी दंग रह गई। आरोपी ने पुलिस को चकमा देने के लिए पिकअप में पुराना इस्तेमाल किया हुआ घरेलू सामान लोड कर रखा था। इसमें पुराने कपड़ों की कतरन, पुरानी सिलाई मशीनें और टूटी हुई स्टूल जैसी चीजें ऊपर रखी हुई थीं। इस कबाड़ की आड़ में नीचे विभिन्न नामी ब्रांड्स के अंग्रेजी शराब के 15 कार्टन छिपाकर रखे गए थे, जिन्हें गुजरात तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध शराब और पिकअप को जब्त कर लिया है। बाजार में इस जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 04 लाख रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि वह यह शराब गुरुग्राम हरियाणा से भरकर गुजरात के सूरत में सप्लाई करने के लिए ले जा रहा था। |