रतलाम / ताल
रतलाम जिले के थाना ताल पुलिस को विद्युत ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना ताल, थाना बरखेड़ा कला एवं चौकी खारवाकला क्षेत्र में लगातार हो रही ट्रांसफार्मर ऑयल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 20 लीटर ट्रांसफार्मर ऑयल भी बरामद किया गया है, जबकि गिरोह के अन्य साथियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार 26 मार्च 2026 को ग्राम खारवाखुर्द निवासी फरियादी शम्भूलाल मालवीय ने थाना ताल पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके खेत पर लगे विद्युत ट्रांसफार्मर से अज्ञात बदमाश करीब 90 लीटर ऑयल चोरी कर ले गए। मामले में थाना ताल पर अपराध क्रमांक 152/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्ध कमल बागरी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी सुखराम बागरी के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने ग्राम खारवाखुर्द, कोल्लुखेड़ी, खारवाकला चौकी क्षेत्र एवं थाना बरखेड़ा कला अंतर्गत हरियाखेड़ा क्षेत्र में भी ट्रांसफार्मरों से ऑयल चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है और उनसे अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक स्वराज डाबी, उपनिरीक्षक मोहम्मद अय्यूब खान, उपनिरीक्षक के.के. सिंह, सहायक उपनिरीक्षक पंकज भम्भोरिया, भारतसिंह सिंगाड़ सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोहों में हड़कंप मच गया है।
Crime reporter Jitendra Kumawat