रतलाम / सैलाना
रतलाम जिले के सैलाना नगर के मुख्य बाजार में गुरुवार अलसुबह हुई बड़ी चोरी की वारदात ने व्यापारियों और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। जैन मंदिर से सटे एवं स्टेट बैंक के पास स्थित शत्रुंजय ज्वेलर्स को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाश करीब 10 से 13 लाख रुपए कीमत के चांदी एवं अन्य आभूषण चोरी कर ले गए। वारदात रात करीब 3:15 बजे के आसपास की बताई जा रही है, जिसका खुलासा सुबह मंदिर पहुंचे श्रद्धालु की सतर्कता से हुआ।
जानकारी के अनुसार, बोदीना निवासी गोपाल बैरागी रोजाना की तरह सुबह करीब 6 बजे जैन मंदिर दर्शन एवं पूजा के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर पास स्थित शत्रुंजय ज्वेलर्स के आधे खुले शटर पर पड़ी। मामला संदिग्ध लगने पर उन्होंने तुरंत दुकान संचालक अनिल पिता धर्मचंद्र चंडालिया (खाचरोद वाले) को सूचना दी।
सूचना मिलते ही अनिल चंडालिया मौके पर पहुंचे। दुकान के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। बदमाश दुकान के ताले तोड़कर अंदर घुसे थे और अलमारियों व काउंटरों को खंगालते हुए बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण समेट ले गए। चोरी के बाद टूटे हुए ताले पास की गली में फेंक दिए गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोर करीब साढ़े चार किलो चांदी के जेवरात और लगभग 15 ग्राम आर्टिफिशियल सोने के आभूषण ले गए हैं। कुल चोरी का अनुमानित मूल्य 10 से 13 लाख रुपए बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश के मार्गदर्शन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसआई शंकरसिंह शक्तावत एवं आरक्षक तूफान भूरिया ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, CCTV फुटेज में दो नकाबपोश बदमाश दिखाई दिए हैं, जो बिना नंबर प्लेट की काली पल्सर बाइक से आए थे। दोनों ने चेहरे पर मास्क पहन रखे थे। बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान इलाके में पुलिस की गश्त भी चल रही थी। पुलिस वाहन का सायरन सुनते ही बदमाश एक गली में छिप गए और पुलिस के आगे बढ़ते ही फिर सक्रिय होकर चोरी को अंजाम देकर फरार हो गए।
सैलाना पुलिस फिलहाल फुटेज और संदिग्धों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत