रतलाम....
जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बड़ावदा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने करीब 90 क्विंटल गेहूं चोरी के मामले का खुलासा करते हुए अंतरजिला चोर गिरोह के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में विभिन्न क्षेत्रों में 11 चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वाहन, नकदी और अन्य चोरी का सामान भी जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी बड़ावदा प्रशिक्षु आईपीएस श्री वैभव प्रिय के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, आईसीजेएस डाटा और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
खेत से उड़ाया था 90 क्विंटल गेहूं
जानकारी के अनुसार फरियादी अय्युब खां पिता बसीर खां मेवाती, निवासी वार्ड क्रमांक 13 बड़ावदा ने 6 मई 2026 को थाना बड़ावदा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके खेत पर बने टीन शेड में रखा गेहूं चोरी हो गया है। अगले दिन खेत पहुंचने पर गेहूं बिखरा मिला तथा वाहन के टायरों के निशान दिखाई दिए।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध भंवरलाल पिता आशाराम चंद्रवंशी निवासी रोहलखुर्द थाना नागदा मंडी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपने साथी लखनसिंह गुर्जर के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के लिए एक दिन पहले बड़नगर क्षेत्र से आयशर वाहन चोरी किया गया था, जिससे गेहूं को कच्चे रास्तों से रोहलखुर्द पहुंचाया गया और बाद में ट्रैक्टर-ट्रॉली से महिदपुर मंडी में बेच दिया गया।
चोरी में प्रयुक्त वाहन को आरोपी युसुफ पिता बाबु शाह निवासी देपालपुर को सौंप दिया गया था, जिसने वाहन को काट दिया।
11 चोरी की वारदातें कबूलीं
पूछताछ में भंवरलाल चंद्रवंशी और लखन गुर्जर ने विभिन्न जिलों में कुल 11 चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया है। पुलिस अब तक 4 मामलों में चोरी गया मशरुका बरामद कर चुकी है। अन्य मामलों को लेकर आरोपियों से पुलिस रिमांड पर विस्तृत पूछताछ जारी रहेगी।
जब्त सामग्री
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से
एक आयशर ट्रक कीमत लगभग 2 लाख रुपए
एक आयशर ट्रैक्टर-ट्रॉली कीमत 6.50 लाख रुपए
दो मोटरसाइकिल कीमत 1.10 लाख रुपए
गेहूं बिक्री की 95 हजार रुपए नगद राशि
9 पुराने चद्दर कीमत करीब 18 हजार रुपए
जब्त किए हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस वैभव प्रिय, उप निरीक्षक कुलदीप डाबी, उप निरीक्षक जीवन बारिया, कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक शिवजी यादव, प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, हिम्मत सिंह, जितेन्द्र बारिया, राजेश पानोला, आरक्षक विपुल भावसार, मयंक व्यास, राहुल पाटीदार, तुषार सिसोदिया, मोरसिंह डामोर, गोपालसिंह एवं कृष्णपालसिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वहीं प्रधान आरक्षक शहजाद खान, दिनेशसिंह भदौरिया, आरक्षक बालूसिंह, रोहताश जाट, सैनिक प्रतापसिंह, नरेन्द्रसिंह, प्रधान आरक्षक लोमेश शर्मा (CCTNS शाखा रतलाम) तथा आरक्षक नरेन्द्रसिंह हाड़ा थाना रिंगनोद का विशेष योगदान भी सराहनीय रहा।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत