देवास/रतलाम
मध्यप्रदेश के देवास बायपास पर बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने रतलाम जिले, विशेषकर सैलाना क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया। भोपाल में आयोजित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के राज्य स्तरीय महासम्मेलन में शामिल होने जा रहे पंचायत सचिवों और सहायक सचिवों से भरा वाहन देवास बायपास स्थित ग्राम बैरागढ़ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 9 अन्य घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सैलाना जनपद क्षेत्र के पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक मंगलवार रात रतलाम से भोपाल के लिए रवाना हुए थे। बुधवार तड़के लगभग 3 बजे उनकी टैम्पो ट्रैक्स (तूफान वाहन) देवास बायपास पर पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में लखन (35) और हुरजी (45) की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक लखन ग्राम पंचायत करिया तथा हुरजी ग्राम पंचायत कांगसी से जुड़े रोजगार सहायक थे और ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।
घायलों में करमचंद, कैलाश, देवचंद, अंतर सिंह, राकेश, मांगीलाल, विनोद, प्यारेलाल और चौक सिंह शामिल हैं। इनमें प्यारेलाल और चौक सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य घायलों का देवास के अमलतास अस्पताल में उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। सैलाना एसडीएम तरुण जैन, जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन, सैलाना जनपद सीईओ रिया गेरा, जावरा जनपद सीईओ बलवंत नलवाया सहित कई अधिकारी तत्काल देवास पहुंचे और अस्पताल में भर्ती घायलों की स्थिति का जायजा लिया। देवास प्रशासन ने हादसे की आधिकारिक सूचना रतलाम कलेक्टर और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग भोपाल को भेज दी है।
घटना पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष केसूराम निनामा ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मुआवजे की मांग भी तेज हो गई है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं जिला शिक्षा समिति अध्यक्ष केशूराम निनामा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर मृतकों के परिवारों को 1-1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, सभी घायलों का निःशुल्क इलाज, तथा शासन के नियमानुसार मृतकों के एक-एक आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग की है। उन्होंने पत्र में कहा कि सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे कर्मचारियों की जान जाना अत्यंत दुखद है और शासन को तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए परिवारों को राहत देनी चाहिए। पत्र की प्रतिलिपि प्रभारी मंत्री, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव तथा रतलाम कलेक्टर को भी भेजी गई है।
वहीं सैलाना की पूर्व विधायक संगीता चारेल भी देवास पहुंचीं। उन्होंने अमलतास अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और अस्पताल प्रशासन से बेहतर उपचार सुनिश्चित करने को कहा। चारेल ने कहा कि यह हादसा बेहद दुखद है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता मिलनी चाहिए।
इस हादसे ने एक बार फिर सरकारी आयोजनों में शामिल होने के लिए कर्मचारियों की रात के समय लंबी यात्रा और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दो परिवारों के घरों के चिराग बुझ गए, जबकि नौ परिवार अभी भी अस्पतालों के बाहर अपनों के स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। पूरे सैलाना क्षेत्र और रतलाम जिले में शोक का माहौल है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्टर जितेंद्र कुमावत