रतलाम / सैलाना
रतलाम जिले के सैलाना क्षेत्र के ग्राम बोदीना में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें खेत पर करंट लगने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई और मृतक के परिवार में मातम छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बोदीना निवासी जितेंद्र पुत्र ईश्वरलाल पाटीदार (35) शुक्रवार सुबह बोदीना से खोखरा रोड स्थित अपने खेत पर फसल में पानी देने के लिए गए थे। बताया जा रहा है कि वे खेत पर लगी बिजली की मोटर चालू करने पहुंचे थे। इसी दौरान जमीन गीली होने के कारण वे अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से वे गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण तुरंत खेत पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। युवक को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी शोक का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचने लगे।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। चौकी प्रभारी आनंद बागवान ने बताया कि मृतक के बड़े भाई जगदीश पिता ईश्वरलाल पाटीदार द्वारा घटना की सूचना दी गई। उन्होंने बताया कि जितेंद्र खेत पर फसल में पानी देने के लिए मोटर चालू करने गया था, तभी गीली जमीन के कारण उसे करंट लग गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। यहां डॉक्टर जितेंद्र सिंह रायकवार ने पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।