रतलाम
(1) ग्लोबस सिटी कॉलोनी में बड़ी कार्रवाई, देशी घी के नाम पर हो रही थी बिक्री
(2) 310 रुपये लीटर में बिक रहा था संदिग्ध घी, खाद्य विभाग ने लिए 10 सैंपल
(3) मुजफ्फरपुर से मंगाकर रतलाम में खपाया जा रहा था घी, महाकाल ट्रेडर्स पर जांच
(4) उपभोक्ता की शिकायत पर प्रशासन की दबिश, यूपी फ्रेश व मदर बेस्ट ब्रांड जांच के घेरे में
(5) सस्ते दाम ने खोली मिलावट की पोल, रिपोर्ट के बाद होगी सख्त कार्रवाई
रतलाम के ग्लोबस सिटी कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर प्रशासन और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1610 लीटर संदिग्ध नकली घी बरामद किया।
यह कार्रवाई उपभोक्ता की शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें बाजार में सस्ते दाम पर देशी घी बेचे जाने की सूचना दी गई थी।
नायब तहसीलदार रामचंद्र पांडेय और जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी शैलेष गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने नयागांव टैंकर रोड स्थित एक मकान पर दोपहर करीब 3 बजे दबिश दी। मौके से यूपी फ्रेश और “मदर बेस्ट” ब्रांड नाम से पैक घी के बड़े डिब्बे और 200 व 400 ग्राम सहित विभिन्न वजन के पैकेट बरामद किए गए। पैकेजिंग इतनी आकर्षक थी कि आम उपभोक्ता इसे आसानी से देशी घी समझ सकता था।
जांच में सामने आया कि महाकाल ट्रेडर्स के नाम से शहर की दुकानों पर यह घी सप्लाई किया जा रहा था। व्यापारी विक्रांत त्यागी ने पूछताछ में बताया कि वह उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरपुर स्थित सिद्धी ट्रेडर्स और मां वैष्णोदेवी ट्रेडर्स से घी मंगवाता है। उसने बताया कि घी 310 रुपये प्रति लीटर में खरीदा और लगभग सवा तीन सौ रुपये प्रति लीटर में बेचा जा रहा था। कम दाम और पैकिंग पर ‘देशी घी’ अंकित होने के कारण अधिकारियों को मिलावट की आशंका हुई।
खाद्य विभाग ने मौके से 10 नमूने लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेज दिए हैं।
जब्त घी को उसी मकान में सुरक्षित रखकर कमरा सील कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Crime reporter Jitendra Kumawat