उज्जैन
जिले में पुलिस कप्तान प्रदीप शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत उज्जैन पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। देवास गेट थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक कुख्यात बदमाश को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नगदी भी बरामद कर ली गई है।
मामला देवास गेट थाना क्षेत्र स्थित दूध तलाई के पास अशोक एवं जयपुर ट्रेवल्स के गोदाम से जुड़ा है।
पुलिस के अनुसार 24 फरवरी की रात करीब 2 बजे आरोपी अशोक, निवासी गुना, छत के रास्ते गोदाम में दाखिल हुआ। अंदर घुसने के बाद उसने वहां रखे पार्सलों के साथ छेड़छाड़ की और गल्ले में रखी नगदी चुरा ली। पूरी घटना गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिले।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान की और उसकी तलाश शुरू की।
मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने माल गोदाम क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किए गए कुल 15,130 रुपये बरामद किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में सिक्के और 20 रुपये के नोट शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने इससे पहले भी जिले में अन्य चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद और भी खुलासे होने की संभावना है।
Crime reporter Jitendra Kumawat