|
जावद। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जावद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक अल्टो कार से 52 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री महोदय के निर्देशानुसार प्रदेशभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं नशे के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नीमच के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी जावद श्री हर्ष राठौड़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जावद निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। दिनांक 19 नवंबर 2026 को पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान अल्टो कार क्रमांक RJ-39-CA-5912 को रोककर तलाशी ली। तलाशी में कार से तीन बोरों में भरा कुल 52 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से आरोपी राकेश पिता हडमानराम जाति विश्नोई, उम्र 28 वर्ष, निवासी ओचियाड़ा, जिला जोधपुर राजस्थान तथा मनसिंह पिता दिनेश जाति विश्नोई, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम राजकीय थाना लूणी, जिला जोधपुर राजस्थान को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थ की तस्करी के स्रोत एवं इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। सराहनीय भूमिका: इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन एवं उनकी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। |