|
शादी की बिंदोरी से लेकर भगवान की शोभायात्रा तक उड़ाई जा रही कागज की कतरनें, गलियों में फैल रहा कचरा; सफाई करने वाले ग्रामीण परेशान चीताखेड़ा। गांव में इन दिनों स्वागत की एक ऐसी नई परम्परा शुरू हो गई है, जिसने साफ-सफाई व्यवस्था के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। शादी में दूल्हे की बिंदोरी हो या धार्मिक आयोजनों में भगवान की शोभायात्रा, फूलों के साथ अब कागज की रद्दी और कतरनें उड़ाकर स्वागत किया जा रहा है। आयोजकों के लिए यह भले ही भव्य स्वागत का तरीका हो, लेकिन इसके बाद गांव की गलियों और बाजारों में फैलने वाली गंदगी की जिम्मेदारी कौन लेगा? पहले स्वागत फूलों की वर्षा से किया जाता था, लेकिन अब रिजेक्ट कागज की कटिंग से निकलने वाली रद्दी को हवा में उड़ाकर स्वागत करने का चलन बढ़ता नजर आ रहा है। सवाल यह है कि आखिर यह स्वागत है या सफाई व्यवस्था के लिए नई मुसीबत? हाल ही में माली समाज के एक विवाह समारोह में दूल्हे की बिंदोरी के दौरान जमकर कागज की कतरनें उड़ाई गईं। गांव की गलियों और बाजार में फैली इन कतरनों की ठीक से सफाई भी नहीं हो पाई थी कि गत रात्रि तीन बाण धारी, हारे के सहारे खाटू श्याम जी के जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा में भी यही नजारा देखने को मिला। डीजे और ढोल-ढमाकों के साथ गांव के विभिन्न मार्गों से निकली शोभायात्रा में फूलों के साथ कागज की कतरनें उड़ाकर स्वागत किया गया। शोभायात्रा गुजरने के बाद पूरा मार्ग फूलों और कागज की रद्दी से पट गया। हवा के झोंकों के साथ कागज की कतरनें इधर-उधर उड़ती रहीं। सफाई करने वाले लोग कचरा समेटते रहे, लेकिन हवा के साथ उड़कर कतरनें दोबारा रास्तों पर पहुंचती रहीं। स्थानीय सरकार पहले से ही गांव की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर परेशान है। ऐसे में आयोजनों के बाद फैलने वाली अतिरिक्त गंदगी सफाई व्यवस्था पर और बोझ डाल रही है। जिन रास्तों से शोभायात्राएं निकलती हैं, वहां रहने वाले लोगों को घरों के सामने और गलियों में फैली रद्दी साफ करने में परेशानी उठानी पड़ रही है। अब बड़ा सवाल यह है कि धार्मिक आस्था और वैवाहिक खुशी के नाम पर गांव को गंदगी के हवाले करना कितना उचित है? आयोजन करना हर किसी का अधिकार है, लेकिन आयोजन के बाद सफाई की जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही जरूरी है। आयोजकों को चाहिए कि स्वागत के ऐसे तरीके अपनाएं, जिनसे गांव की सुंदरता और स्वच्छता दोनों बनी रहें। रिपोर्ट : दशरथ जी माली |