रतलाम / सैलाना। मालवा के गांधी के नाम से विख्यात, सत्य, सिद्धांतों और जनसेवा के प्रति आजीवन समर्पित रहे मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक स्व. प्रभुदयाल गेहलोत की जन्म जयंती के अवसर पर 11 नवंबर को उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी रतलाम ग्रामीण के अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत सहित परिवारजनों ने प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें नमन किया। साथ ही उनके संघर्षपूर्ण राजनीतिक जीवन, जनसेवा के प्रति समर्पण, विचारों और आदर्शों का स्मरण किया गया।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं परिवारजन उपस्थित रहे। हर्षविजय गेहलोत ने अपने पूज्य पिताजी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि स्व. प्रभुदयाल गेहलोत का संपूर्ण जीवन समाजसेवा, संघर्ष, सादगी और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उनके विचार और सिद्धांत सदैव समाज को सही दिशा दिखाने के साथ ही जनसेवा के लिए प्रेरित करते रहेंगे। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
स्व. प्रभुदयाल गेहलोत की जन्म जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को सैलाना में जन्म जयंती एवं दीपावली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री जीतू पटवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद रतलाम कांतिलाल भूरिया कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
यह आयोजन दोपहर में जैन धर्मशाला, सैलाना में आयोजित होगा। समारोह के माध्यम से स्व. प्रभुदयाल गेहलोत के प्रेरणादायी व्यक्तित्व, राजनीतिक जीवन, जनहित में किए गए कार्यों और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया जाएगा। साथ ही दीपावली मिलन के माध्यम से क्षेत्र के कांग्रेसजनों, शुभचिंतकों और गणमान्य नागरिकों के बीच आपसी सौहार्द एवं आत्मीयता का संदेश भी दिया जाएगा।
आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए गेहलोत परिवार के सदस्य और कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं। परिवार के ज्येष्ठ पुत्र राजेश गेहलोत (शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त), पूर्व मंडी अध्यक्ष शेखर गेहलोत एवं हर्षविजय गेहलोत सहित परिवारजन आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लगे हैं। वहीं स्व. प्रभुदयाल गेहलोत के पौत्र एवं युवा नेता हनी गेहलोत, नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला सहित कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता भी कार्यक्रम की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
परिवार की ओर से सैलाना विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों के परिवारजनों, शुभचिंतकों, कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों को समारोह में शामिल होने का सादर आमंत्रण दिया गया है।
स्व. प्रभुदयाल गेहलोत की जयंती का यह आयोजन केवल एक स्मृति समारोह नहीं, बल्कि उनके संघर्ष, विचारधारा, सिद्धांतों और जनसेवा की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर भी बनेगा। सैलाना में आयोजित होने वाले इस समारोह को लेकर क्षेत्र के कांग्रेसजनों और गेहलोत परिवार में उत्साह का माहौल है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत