रतलाम / धामनोद। दीपावली महापर्व के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल जिला रतलाम के प्रखंड नामली अंतर्गत खंड धामनोद द्वारा 8 एवं 9 नवंबर को धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। दो दिनों तक चले इन आयोजनों में गौसेवा, गौमाता के प्रति श्रद्धा, प्रकृति संरक्षण और हिंदू समाज की एकजुटता का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति एवं नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
आयोजन के प्रथम दिन 8 नवंबर, रविवार को धामनोद नगर में पिछले पांच वर्षों से निरंतर प्रतिदिन संचालित गौग्रास (गौरोटी) गौरथ वाहन का विधि-विधान एवं वैदिक रीति से पूजन किया गया। इस अवसर पर मातृशक्ति-दुर्गावाहिनी की बहनों ने भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर भारत माता की महाआरती की। गौग्रास गौरथ के माध्यम से निरंतर संचालित गौसेवा के कार्य की सराहना करते हुए गौमाता के संरक्षण एवं सेवा के संकल्प को दोहराया गया।
वहीं 9 नवंबर, सोमवार को मातृशक्ति-दुर्गावाहिनी की बहनों द्वारा श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ गोवर्धन पूजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला का स्मरण करते हुए गौमाता, प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन का प्रेरणादायी संदेश दिया गया। धार्मिक परंपराओं के साथ प्रकृति के प्रति मानव के दायित्वों को भी रेखांकित किया गया।
इसी क्रम में श्रद्धेय अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में धामनोद के गांधी चौक पर भव्य दीपावली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीराम दरबार, भारत माता एवं श्रद्धेय अशोक सिंहल के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात भजन एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
दीपावली मिलन के दौरान नगरवासियों को तिलक लगाकर, मौली (कलावा) बांधकर एवं मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं। इस आत्मीय मिलन के माध्यम से सामाजिक सद्भाव, सांस्कृतिक परंपराओं और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
तीनों आयोजनों में विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल रतलाम विभाग, जिला, प्रखंड एवं खंड के पदाधिकारी-कार्यकर्ता तथा मातृशक्ति-दुर्गावाहिनी की बहनों सहित धामनोद नगर के समस्त हिंदू समाजजनों की सक्रिय सहभागिता रही। धार्मिक श्रद्धा, गौसेवा और राष्ट्रभक्ति के संगम के रूप में आयोजित इन कार्यक्रमों ने दीपावली महापर्व की खुशियों को सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना के साथ मनाने का संदेश दिया।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत