|
आगर-मालवा । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार दशहरा पर्व के अवसर पर प्रदेशभर में आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंगलवार को आगर-मालवा की नई पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री नारायण सिंह पंवार ने कार्यक्रम में सम्मिलित होकर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शस्त्रों का पूजन किया। दशहरा पर्व की परंपरा के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम में शस्त्र पूजन कर सुख, समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की गई। कार्यक्रम में विधायक श्री माधव सिंह (मधु) गेहलोत, कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप कुमार सोनी, जिलाध्यक्ष श्री ओम मालवीय, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री भेरू सिंह चौहान एवं जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री जितेंद्र सिंह ने भी शस्त्र पूजन किया। सशस्त्र पुलिस टुकड़ी ने मुख्य अतिथि मंत्री श्री पंवार को सशस्त्र सलामी भी दी। प्रारंभ में मंत्री श्री पवार के पुलिस लाइन आगर मालवा पहुंचने पर कलेक्टर डॉ शेर सिंह मीना, एसपी श्री दिलीप सोनी व अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर राज्यमंत्री श्री पंवार का स्वागत किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रविन्द्र बोयत, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री कमल मंडलोई, एसडीओपी श्री देवनारायण यादव टी आई टी आई श्री नागेश यादव सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा पत्रकारगण उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि विजयादशमी (दशहरा) पर शस्त्र-पूजन बुराई पर अच्छाई की, असत्य पर सत्य की विजय, शक्ति, साहस और कर्तव्यनिष्ठा के रूप में किया जाता है। ऐसा माना जाता है कि भगवान श्रीराम ने रावण का वध करने से पहले अस्त्र-शस्त्रों की पूजा की थी, जिससे उन्हें विजय प्राप्त हुई थी। यह भारतीय परंपरा वर्तमान में भारतीय सेना, पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ वीरता और आत्मरक्षा के संकल्प के रूप में मनाई जाती है। भारतीय सेना में शस्त्र-पूजन की परंपरा भारतीय संस्कृति, शौर्य और राष्ट्र रक्षा के संकल्प से जुड़ी है। यह भारतीय परंपरा में शस्त्रों को शक्ति, साहस, आत्मरक्षा और धर्म की रक्षा के लिए सदुपयोग करने तथा अन्याय के विरुद्ध संकल्प लेने का प्रतीक है। |